आधार का बाजार से बना हुआ स्मार्ट कार्ड मान्य नहीं होगा, जानिए क्या कहा UIDAI ने

आधार का बाजार से बना हुआ स्मार्ट कार्ड मान्य नहीं होगा, जानिए क्या कहा UIDAI ने

अगर आप आधार का स्मार्ट कार्ड बाजार से बनवाते हैं तो यह मान्य नहीं होगा। इसके लिए आपको बिना आधार माना जा सकता है। आधार कार्ड की सेवा देने वाली यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने कहा है कि बाजार से जो PVC कार्ड बन रहे हैं, वे मान्य नहीं हैं।इसने कहा कि इसे इसलिए मान्य नहीं किया जा सकता, क्योंकि इसमें सुरक्षा की ढेर सारी कमियां होती हैं। सोशल मीडिया पर दी एक जानकारी में UIDAI ने कहा कि हम मजबूती से इस कार्ड को खारिज और हतोत्साहित करना चाहते हैं क्योंकि इसमें सिक्योरिटी का कोई भी फीचर नहीं होता है। आपको अगर आधार का PVC कार्ड बनवाना है तो आप इसे 50 रुपए देकर ऑफिशियल बनवा सकते हैं।

UIDAI ने कहा कि आधार स्मार्ट कार्ड खुले बाजार से प्रिंट किए जाते हैं या बनवाए जाते हैं तो ये मान्य नहीं होंगे। इसने कहा कि आप आधार लेटर या आधार को UIDAI से डाउनलोड कर सकते हैं। आधार PVC कार्ड मूलरूप से डिजिटली साइन सिक्योर QR कोड और फोटोग्राफ के साथ होता है। इसमें डेमोग्राफिक डिटेल्स भी होती हैं। इसके साथ तमाम सिक्योरिटी फीचर होते हैं। यह UIDAI द्वारा पोस्ट के जरिए ही भेजा जाता है।

UIDAI के मुताबिक, इस कार्ड में सिक्योर QR कोड, होलोग्राम, माइक्रो टेक्स्ट, कार्ड जारी करने और प्रिंट करने की तारीख और अन्य जानकारियां होती हैं। आप इसके लिए UIDAI की वेबसाइट का सहारा ले सकते हैं। आप इसके लिए https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर जा सकते हैं। फिर ऑर्डर आधार PVC कार्ड को क्लिक करना होगा। 12 अंकों के आधार नंबर या फिर 28 अंकों के एनरॉलमेंट ID को डालना होगा। सिक्योरिटी कोड भरने के बाद मोबाइल फोन पर आए OTP को भरना होगा। फिर नियम और शर्तों को स्वीकार करना होगा।

इसके बाद सबमिट बटन दबाकर OTP वेरिफिकेशन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के बाद आपको पेमेंट ऑप्शन आएगा। इसमें पेमेंट गेटवे पर आपको ले जाया जाएगा और वहां क्रेडिट, डेबिट या फिर नेट बैंकिंग के जरिए पेमेंट करना होगा। पेमेंट करने के बाद आपको इसकी रसीद मिल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *