छत्तीसगढ़ में कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट के 15 नए केस मिले हैं। इनमें बिलासपुर में सबसे अधिक 8 और राजनांदगांव जिले के 6 केस हैं। रायपुर के भी एक व्यक्ति में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इनको मिलाकर प्रदेश में ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या 36 हो गई है। यह रिपोर्ट मरीजों के ठीक होने के बाद आई है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से फोन पर बात कर रायपुर में ही वैरिएंट की जांच की सुविधा मांगी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा में टीएस सिंहदेव ने कहा- छत्तीसगढ़ अभी कोरोना सैंपलों की जीनोम जांच के लिए भुवनेश्वर लैब पर निर्भर है। इस वजह से रिपोर्ट मिलने में भी देरी हो जाती है। प्रदेश में अगर जीनोम जांच की अनुमित मिल जाए तो स्थानीय स्तर जांच हो सकेगी। उन्होंने कहा कि अभी ओमिक्रॉन समेत कोरोना के अन्य वैरिएंट के अलावा दूसरी बीमारियों के लिए भी जीनोम लैब काफी मददगार होगी। ऐसे में प्रदेश को जल्द ही लैब की अनुमति मिलनी चाहिए। टीएस सिंहदेव इसके पहले भी कई बार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को जीनोम जांच के लिए पत्र लिख चुके हैं। बातचीत में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने जीनोम लैब की अनुमति जल्द देने का संकेत दिया है।
प्रदेश में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए रायपुर AIIMS और जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब प्रस्तावित है। एम्स में मशीन तक तैयार है बस उन्हें जांच के लिए जरूरी सामग्री की खरीदी की अनुमति नहीं मिल रही है। वहीं रायपुर मेडिकल कॉलेज लैब में थोड़ा तकनीकी काम बाकी है।
करीब एक सप्ताह तक स्थिर रहने के बाद छत्तीसगढ़ में कोरोना का संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश भर में केवल 48 हजार 128 सैंपल कलेक्ट हुए। वहीं 5 हजार 661 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस मान से संक्रमण दर 11.76% हो गई है। 21 जनवरी को संक्रमण दर 10.37% थी। 20 जनवरी को संक्रमण दर 10.78%, 19 जनवरी को 10.30% और 18 जनवरी को 11.17% थी। वहीं 17 जनवरी को छत्तीसगढ़ की औसत संक्रमण दर 12.02% थी।
शनिवार को कोरोना पीड़ित 11 मरीजों की मौत दर्ज की गई है। इसमें से 8 की मौत कोरोना संक्रमण के अलावा दूसरी वजहों से भी हुई। तीन मौतों की वजह पूरी तरह से कोरोना है। मरने वालों में सबसे अधिक 4 दुर्ग-भिलाई के हैं। बिलासपुर के 2, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, बलौदा बाजार और कोरबा के एक-एक मरीज की मौत हुई है। इसको मिलाकर अब तक इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हजार 716 हो गई है।