तीन फरवरी को आ सकते हैं राहुल गांधी:ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की पहली किश्त जारी कर सकते हैं

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अगले सप्ताह तीन फरवरी को छत्तीसगढ़ आ सकते हैं। सरकार की मंशा उनके हाथों राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की शुरुआत और सेवाग्राम का भूमिपूजन कराने की है। राहुल गांधी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने बेटे चैतन्य के विवाह समारोह में भी शामिल होने का न्यौता दिया है।

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के लिए पंजीयन की प्रक्रिया पिछले साल सितम्बर से शुरू हुई थी। इसकी पहली किश्त 26 जनवरी को जारी करने की तैयारी थी। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य की शादी तय हुई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछली बार दिल्ली गए तो उन्हाेंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात कर विवाह समारोह में आमंत्रित किया था। बताया जा रहा है, उसी दौरान राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की भी चर्चा हुई।

उस समय मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से इस योजना की शुरुआत का आग्रह किया था और राहुल ने इसपर सैद्धांतिक सहमति दे दी थी। अब बताया जा रहा है कि इस योजना की शुरुआत 3 फरवरी होगी। उसमें राहुल गांधी भी मौजूद हो सकते हैं। उसी दिन नवा रायपुर में प्रस्तावित सेवाग्राम का भूमिपूजन भी कराया जा सकता है। सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों से बताया, सरकार की ओर से राहुल गांधी को आधिकारिक आमंत्रण भेज दिया गया है। हालांकि राहुल गांधी के कार्यालय ने अभी तक मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम नहीं भेजा है। फिलहाल विभाग अपने स्तर पर आयोजन की तैयारी कर रहे हैं।

न्याय योजना की शुरुआत और सेवाग्राम के भूमिपूजन का कार्यक्रम नवा रायपुर में होना है। इसके लिए राज्योत्सव स्थल पर तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभाग विकास योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन करने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *