विदेशी निवेशकों ने बाजार से जनवरी में निकाले 37,721 करोड़

विदेशी निवेशकों ने बाजार से जनवरी में निकाले 37,721 करोड़

विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) पिछले चार महीने से लगातार बाजार से पैसे निकाल रहे हैं। जनवरी महीने में इन्होंने 37,721 करोड़ रुपए की निकासी की है। हालांकि घरेलू निवेशक लगातार शेयर खरीद रहे हैं।आंकड़े बताते हैं कि जनवरी में घरेलू निवेशकों यानी DII ने 18,279 करोड़ रुपए का निवेश किया है। इसमें सबसे ज्यादा निवेश 25 जनवरी को हुआ था जो 4,534 करोड़ रुपए था। FII ने सबसे ज्यादा निकासी भी इसी दिन की है जो 7,094 करोड़ रुपए था। इस दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स हालांकि 350 अंक से ज्यादा बढ़कर बंद हुआ था।

इसके बाद FII ने 27 जनवरी को 6,266 करोड़ जबकि 28 को 5045 करोड़ रुपए की निकासी की। जनवरी में अब तक के कारोबार में इन निवेशकों ने केवल 4 दिन शेयर्स की खरीदी की है। इसमें सबसे ज्यादा खरीदारी 4 जनवरी को हुई थी जो 1,273 करोड़ रुपए की थी।आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर महीने में FII ने 35,493 करोड़ रुपए की निकासी की जबकि DII ने 31,231 करोड़ रुपए की खरीदारी की। नवंबर महीने में विदेशी निवेशकों ने 39,901 करोड़ रुपए के शेयर बेचे जबकि घरेलू निवेशकों ने 30,560 करोड़ रुपए के मूल्य के शेयर्स की खरीदारी की।

अक्टूबर में विदेशी निवेशकों ने 25,572 करोड़ रुपए के शेयर बेच डाले और घरेलू निवेशकों ने 4,470 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। सितंबर में जरूर विदेशी निवेशकों ने 913 करोड़ का निवेश तो किया, पर उसके पहले अगस्त, जुलाई, जून, मई और अप्रैल में इन्होंने लगातार पैसे निकाले। हालांकि घरेलू निवेशक लगातार शेयर की खरीदी कर रहे हैं।

वैसे इस हफ्ते में एशियाई शेयर बाजारों में भारी गिरावट रही। दक्षिण कोरिया का बाजार सबसे ज्यादा 6.03% गिरा, जबकि हॉन्गकॉन्ग का बाजार 5.67% गिरकर बंद हुआ। चीन के बाजारों में 4.57% की गिरावट रही और भारत का सेंसेक्स 3.11% गिरा। जापान का निक्केई जहां हफ्ते भर में 2.92% गिरा वहीं सिंगापुर के बाजार में 1.47% की गिरावट रही।

अगला हफ्ता पूरी तरह से बजट का होगा, जिसमें बाजार में उतार-चढ़ाव रहेगा। मंगलवार को बजट आएगा, जबकि सोमवार को आर्थिक सर्वे पेश होगा। इसका सीधा असर दिखेगा। हालांकि बाजार के जानकारों का मानना है कि अगर बजट सही रहा तो मार्केट में अच्छी खासी तेजी दिख सकती है। हालांकि जनवरी महीने में सेंसेक्स में गिरावट ही रही है। इस दौरान निवेशकों को अच्छे शेयर्स में भी घाटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *