भिलाई निगम में आज से 5 डे वर्किंग:

भिलाई निगम में आज से 5 डे वर्किंग:

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आदेश बाद नगर निगम भिलाई में 5 डे वर्किंग और 2 डे ऑफ का नियम लागू हो गया है। इसे लेकर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने बुधवार को निगम के सभी अधिकारी व कर्मचारियों की बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार 3 फरवरी से निगम मुख्यालय सहित भिलाई के सभी जोन कार्यालय सुबह 10.30 की जगह अब 10 बजे खुलेंगे। इतना ही नहीं कार्यालय की शाम 5 बजे की जगह शाम 5.30 बजे बंद होंगे। अब निगम में सप्ताह में एक दिन की जगह दो दिन अवकाश भी रहेगा।बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने अभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि गुरुवार से सभी निर्धारित समय 10 बजे अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इतना ही नहीं अब कार्यालयीन समय पर उपस्थित होने के लिए सुबह सायरन की व्यवस्था भी होगी। यह सायरन सुबह 10 बजे के बाद भोजन एवं कार्यालय समाप्त होने के समय भी बजेगा। इससे कर्मचारियों को निर्धारित समय की जानकारी मिलेगी। निगम आयुक्त ने कहा कि गुरुवार सुबह 10 बजे उपस्थिति/अनुपस्थिति का निरीक्षण भी वह करेंगे। इस दौरान कोई अनुपस्थित पाया गया तो उन पर कार्यवाही भी होगी। उनका उस दिन का वेतन भी कट सकता है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था छत्तीसगढ़ शासन ने अधिकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता को बढ़ाने के लिए बनाई है। शासन के आदेश के मुताबिक यह व्यस्था बनाई जा रही है। इससे विभागीय कार्यो में तेजी आएगी।

निगम आयुक्त ने बताया कि फील्ड ड्यूटी करने वालों के समय में बदलाव नहीं किया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि सफाई एवं जलापूर्ति जैसी सेवाएं सुबह से शुरू हो जाती हैं। भोजन का समय भी यथावत रहेगा। आयुक्त ने कहा कि इन व्यवस्थाओं में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी में बदलाव करने से कई तरह की समस्याएं होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *