सपा का घोषणा-पत्र जारी:महिलाओं को नौकरी में 33% आरक्षण

सपा का घोषणा-पत्र जारी:महिलाओं को नौकरी में 33% आरक्षण

भाजपा के बाद मंगलवार को सपा ने भी अपना घोषणा पत्र जारी किया। अखिलेश यादव ने अपने घोषणा पत्र युवाओं, महिलाओं और किसानों पर फोकस रखा। महिलाओं के लिए नौकरियों में 33% आरक्षण का बड़ा वादा किया है। वहीं, युवाओं के लिए अगले 5 साल में एक करोड़ नौकरियों का ऐलान भी किया। इसके अलावा, किसानों को सभी फसलों में एमएसपी, सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, ब्याज मुफ्त लोन, 15 दिन में गन्ने का भुगतान के अलावा बीमा और पेंशन देने का भी ऐलान किया है।

इसके अलावा, गरीबों के लिए भी सपा ने घोषणा पत्र में कई वादे किए हैं। हर बीपीएल परिवार को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की घोषणा की है। बाइक चालकों को हर महीने एक लीटर पेट्रोल, ऑटो चालकों को हर महीने तीन लीटर पेट्रोल और 6 किलो सीएनजी मुफ्त देने का वादा किया है।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में अर्बन एंप्लॉयमेंट गारंटी एक्ट मनरेगा की तर्ज पर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को 4 साल के भीतर कर्ज मुक्त बनाया जाएगा। इसके अलावा, समाजवादी पेंशन के तहत महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगों को सालाना 18 हजार रुपए पेंशन दी जाएगी।

अखिलेश ने यह भी कहा कि उनकी सरकार बनी तो गांवों और शहरों को सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी देकर सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। 12वीं पास सभी छात्रों को लैपटॉप देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा हर गांव-शहर में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने की बात भी उन्होंने की है।

सपा के 88 पेज के इस घोषणा पत्र की टैग लाइन है- सत्य वचन, अटूट वादा। इसके कवर में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की फोटो है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *