छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी ठंड:

छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी ठंड:

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उठी चक्रवाती हवाओं से छत्तीसगढ़ का मौसम बदला है। बीती रात प्रदेश के अधिकांश हिस्से में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है। बरसात के बाद सुबह घना कोहरा बना। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में प्रदेश का न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरेगा।

मौसम विभाग ने 9 फरवरी की रात में वर्षा की संभावना जताई थी। बुधवार रात 10 बजे के बाद अधिकांश क्षेत्रों में बरसात शुरू हो गई। पेण्ड्रा रोड, बिलासपुर, कोरिया और अम्बिकापुर में 20 मिनट से आधे घंटे तक बारिश हुई। आधी रात के बाद रायपुर में भी बरसात हुई।

मौसम विभाग ने सुबह 8 बजे तक की वर्षा रिकॉर्ड की है। इसके मुताबिक सबसे अधिक 12.4 मिलीमीटर वर्षा पेण्ड्रा रोड में हुई है। राजनांदगांव में 8.2, रायपुर में 8, बिलासपुर 5.3, दुर्ग में 4.6 और अम्बिकापुर में 2.4 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई है। जगदलपुर में वर्षा नहीं हुई है।

सेटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि रायपुर सहित कुछ क्षेत्रों में अब भी हल्के बादल छाए हुए हैं। अधिकांश हिस्सों का मौसम बरसात के तुरंत बाद साफ हो चुका था, और सुबह घने कोहरे की चादर दिखी। इसकी वजह से लोगों को यात्रा करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, हवा की दिशा बदल रही है। इसकी वजह से गुरुवार को मौसम मुख्यत: सूखा रहने की संभावना है। दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना बन रही है। 12 फरवरी तक न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना बन रही है।सुबह तक की स्थिति में पेण्ड्रा रोड के अलावा प्रदेश के हर केंद्र का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है। रायपुर में इसे 18.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बिलासपुर में 17 डिग्री, पेण्ड्रा रोड में 13 डिग्री और अम्बिकापुर में यह 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 16.6, दुर्ग में 18.2 और राजनांदगांव में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *