दुर्ग जिले में जल्द ही RT-PCR टेस्ट के लिए वायरोलॉजी लैब शुरू होगी। इसके निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति को देखने के लिए कलेक्टर दुर्ग डॉ. एसएन भुरे ने यहां का दौरा किया। उन्होंने कहा कि लैब की तैयारियों का कार्य अंतिम चरण में है। सब कुछ ठीक रहा तो यह लैब जल्द शुरू हो जाएगी।
जिले में अब तक एंटीजन टेस्ट की ही सुविधा थी। RT-PCR टेस्ट के लिए यहां से सैंपल कलेक्टर करके रायपुर एम्स और मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ता था। कोरोना काल में अधिक संख्या में RT-PCR टेस्ट सैंपल पहुंचने पर यहां भी टेस्ट करने में कई दिन का समय लग जाता था। ऐसे में राज्य शासन ने दुर्ग जिले में भी एक लैब बनाने की स्वीकृति दी थी। इसका निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है।दुर्ग जिले में बन रही वायरोलॉजी लैब संभाग स्तरीय लैब है। इस लैब के शुरू होने से यहां संभाग के दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और कबीरधाम जिले से सैंपल आएंगे। यहीं पर सभी RT-PCR सैंपल की जांच होने के बाद टेस्ट रिपोर्ट भेजी जाएगी। भविष्य में जरूरत पड़ने पर इस लैब को और अपग्रेड करने की योजना है। इससे कोविड के नए वैरिएंट या फिर अन्य वायरस आधारित बीमारियों को डिटेक्ट किया जा सकेगा।
कलेक्टर डॉ. एसएन भुरे ने बताया की वायरोलाजी लैब के साथ ही जिला अस्पताल में हमर लैब के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। सभी तैयारियां काफी हद तक पूरी हो चुकी हैं। हमर लैब शुरू होने से मरीजों को 114 प्रकार की निःशुल्क जांच की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जिला अस्पताल के डॉक्टर्स को इलाज में काफी सुविधा हो जाएगी।