ब्रिटेन पर शक्तिशाली यूनिस तूफान का खतरा मंडरा रहा है। यह 160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दक्षिण-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने देश में रेड अलर्ट जारी किया है। सेना को तैयार रहने का आदेश दिया गया है।
तूफान के कारण पश्चिमी इंग्लैंड में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। इसका ज्यादा असर डेवोन, कॉर्नवाल और समरसेट के उत्तरी तट के साथ-साथ वेल्स के दक्षिणी तट पर देखने को मिलेगा। स्कॉटलैंड और उत्तरी इंग्लैंड में भी ओले गिरने का अनुमान है।
यूनिस तूफान के कारण मध्य यूरोप में यात्रा बाधित हो गई है। प्रिंस चार्ल्स आज साउथ वेल्स जाने वाले थे, लेकिन वेल्स में सभी ट्रेनों के रद्द होने के चलते उन्हें यात्रा स्थगित करनी पड़ी। उधर, इंग्लैंड और वेल्स के प्रभावित क्षेत्र में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने का आग्रह किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि यूनिस से तेज हवाएं चलेंगी। इससे इमारतों और घरों को नुकसान होने का खतरा है। आयरलैंड के मौसम विभाग ने भी तूफान के लिए अलर्ट जारी किया।उधर, डुडले तूफान भी बुधवार को ब्रिटेन से टकराया। इससे आवाजाही बाधित रही और कई इलाकों में बिजली भी चली गई। हालांकि, ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
ब्रिटेन सरकार ने गुरुवार को दोनों तूफानों पर चर्चा करने के लिए अपनी आपातकालीन ‘COBR’ समिति के साथ बैठक की। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि हमारी सेना तैयार है। उधर, परिवहन कंपनियों का कहना है कि तूफान से सड़कों, पुलों और रेलवे लाइनों को बंद किया जा सकता है। इसके अलावा फ्लाइट्स भी रद्द हो सकती हैं।
इस बीच, डच प्रमुख एयरलाइन केएलएम ने आज 167 उड़ानों को रद्द कर दिया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि एम्स्टर्डम में गुरुवार 17 फरवरी और शुक्रवार 18 फरवरी 2022 को तूफानी मौसम के कारण, एम्स्टर्डम एयरपोर्ट शिफोल से या उसके माध्यम से उड़ानें बाधित हो सकती हैं।