यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत:खार्किव में राशन लेने गए भारतीय छात्र की बमबारी से मौत

यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत:खार्किव में राशन लेने गए भारतीय छात्र की बमबारी से मौत

यूक्रेन पर रूस के हमले के छठवें दिन खार्किव शहर में एक भारतीय छात्र नवीन कुमार की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सोशल मीडिया पर कहा- हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि खार्किव में बमबारी की वजह से एक भारतीय छात्र की जान चली गई है। हम उसके परिवार के संपर्क में हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्र के पिता से बात कर दुख जताया है।इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को युक्रेन से अपने नागरिकों को निकालने के लिए हाईलेवल मीटिंग की। विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने बताया कि इसमें तय किया गया कि अगले तीन दिन में भारत से 26 फ्लाइट्स यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लाने के लिए भेजे जाएंगे। श्रृंगला ने बताया कि पीएम ने युक्रेन में भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा की मौत पर दुख व्यक्त किया है। विदेश सचिव ने आगे बताया कि नवीन की डेड बॉडी मेडिकल यूनिवर्सिटी की मॉर्चरी में रखी गई है। हम वहां की लोकल अथॉरिटी के संपर्क में है, जल्द ही शव को भारत लाया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्र नवीन कर्नाटक का रहने वाला था। उसकी उम्र 21 साल थी और वह खाना लेने के लिए बाहर निकला था। वह खार्किव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में फोर्थ ईयर का छात्र था।नवीन के साथ होस्टल में रहने वाले श्रीधरन गोपालकृष्णन ने बताया- यूक्रेन के समय के मुताबिक, सुबह 10.30 बजे नवीन राशन की दुकान के सामने लाइन में लगा था। उसी समय रूसी सेना ने लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। हमारे पास उसकी बॉडी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हम में से किसी को अस्पताल जाने की इजाजत भी नहीं दी गई है, ताकि हम पता लगा सकें कि उसकी बॉडी कहां रखी गई है।इधर, रूस ने कीव, खार्किव और चेर्निहाइव में आर्टिलरी (तोपों) से हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन में मौजूद इंडियन एम्बेसी ने सभी भारतीय नागरिकों को फौरन कीव छोड़ने को कहा है। एम्बेसी की तरफ से जारी इमरजेंसी एडवाइजरी में कहा गया- भारतीय जिस हाल में हैं, उसी स्थिति में तुरंत शहर से बाहर निकल जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *