IPS के खिलाफ 12000 पन्नों की चार्जशीट पेश:जीपी सिंह के पिता, मां और पत्नी को भी ACB ने बनाया आरोपी

IPS के खिलाफ 12000 पन्नों की चार्जशीट पेश:जीपी सिंह के पिता, मां और पत्नी को भी ACB ने बनाया आरोपी

एंटी करप्शन ब्यूरो ने मंगलवार को रायपुर की अदालत में निलंबित ADG जीपी सिंह के खिलाफ चालान पेश कर दिया। इस आरोप-पत्र में जीपी सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, मां और पिता को भी आरोपी बनाए जाने की खबर है। अब तक अदालत में आय से अधिक संपत्ति मामले में जीपी सिंह के खिलाफ ट्रायल शुरू नहीं हो सका है, माना जा रहा है कि इस चार्जशीट के पेश हो जाने के बाद अब मामले की सुनवाई आगे बढ़ सकती है।

जीपी सिंह के वकील आशुतोष पांडे ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो ने संपत्ति की जांच करते हुए शायद सभी की प्रॉपर्टी का ब्यौरा एक साथ कर इसे गलत बताने की कोशिश की है। करीब 12000 पन्नों की चार्जशीट है जिसे मैं भी अब तक देख नहीं पाया हूं इसके अध्ययन से और भी बातें सामने आएंगी। हालांकि गृह विभाग से एक अप्रूवल जरूरी होगा। इस केस के ट्रायल को आगे बढ़ाने के लिए जो अब तक नहीं मिल पाया है। उस अप्रूवल का फिलहाल इंतजार है।

आईपीएस अफसर जीपी सिंह की पत्नी मनप्रीत कौर मां सुरिन्दर, और पिता परमजीत सिंह को आय से अधिक संपत्ति मामले में आरोपी बनाया गया है। चार्ज शीट में इनके नामों का जिक्र बतौर आरोपी किया गया है। हालांकि कुछ दिन पहले कोर्ट में पेशी के दौरान अदालत के कैंपस में ही जीपी सिंह ने कहा था कि जिस संपत्ति को मेरे पिता और परिवार की संपत्ति बताया जा रहा है वह हमारी संपत्ति नहीं है। FIR गलत तरीके से लिखी गई है। लगातार बचाव पक्ष के वकील भी अदालत में यही दावा करते रहे हैं कि यह पूरी तरह से अफसर को फंसाने की साजिश है। फिलहाल मंगलवार को चार्जशीट पेश हो जाने के बाद अदालत ने परिवार के लोगों को पेश होने का फिलहाल कोई नोटिस जारी नहीं किया है। जल्द ही इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख तय हो सकती है। पिछले करीब डेढ़ महीने से जीपी सिंह रायपुर की सेंट्रल जेल में इसी मामले में बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *