न्यूजीलैंड ने भारत को 62 रन से हराया

न्यूजीलैंड ने भारत को 62 रन से हराया

न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को महिला वर्ल्ड कप के 8वें मैच में 62 रन से हरा दिया है। भारत के सामने 261 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 46.4 ओवर में 198 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। हरमनप्रीत कौर (71) टॉप स्कोरर रहीं। मिताली राज ने 31 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से ली ताहुहू और अमेलिया केर ने 3-3 विकेट लिए। टीम इंडिया की वर्ल्ड में न्यूजीलैंड के खिलाफ ये 10वीं हार है।

इससे पहले टॉस हार कर बैटिंग करते हुए कीवी टीम ने 9 विकेट खोकर 260 रन बनाए थे। एमी सैटरथवेट (75) टॉप स्कोरर रहीं, जबकि अमेलिया केर ने 50 रन की पारी खेली। टीम इंडिया के लिए पूजा वस्त्राकर ने 34 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए।

महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड कीवी टीम के खिलाफ बहुत ही खराब रहा है। दोनों टीमों के बीच वर्ल्ड कप के कुल 13 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 2 और न्यूजीलैंड ने 10 में जीत दर्ज की है। 1997 के टूर्नामेंट में खेला गया एक मुकाबला टाई रहा था।मैच में उप-कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों पर 71 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। हरमनप्रीत ने भारतीय पारी के 42वें ओवर में हन्ना रोवे के खिलाफ 20 रन भी बनाए थे।

टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और स्मृति मंधाना 21 गेंदों पर 6 रन बनाकर जेस केर की गेंद पर आउट हो गईं। भारत का दूसरा विकेट दीप्ति शर्मा (5) के रूप में गिरा। NZ को ये विकेट रिव्यू पर मिला। दरअसल, अंपायर ने दीप्ति को नॉट-आउट दिया था, जिसके बाद न्यूजीलैंड ने रिव्यू लिया। रीप्ले में नजर आया कि गेंद ऑफ स्टंप की लाइन पर थी और सीधा दीप्ति के पैड पर जाकर लगी थी। भारत ने दो विकेट 26 के स्कोर पर गंवाए।

दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद तीसरे विकेट के लिए यास्तिका भाटिया और मिताली राज ने 55 गेंदों पर 24 रन जोड़कर भारत की पारी को पटरी पर लाने का काम किया, तभी भाटिया 59 गेंदों पर 28 रन बनाकर ली तहुहू की गेंद पर आउट हो गईं।

मिताली राज और हरमनप्रीत कौर ने 63 गेंदों पर 47 रन जोड़े। इस साझेदारी ने टीम इंडिया की उम्मीदों को जिंदा रखा। नजरें जमा चुकी भारतीय कप्तान मिताली राज 56 गेंदों पर 31 रन बनाकर अमेलिया केर की गेंद पर स्टंप आउट हो गईं। टीम इस झटके से संभल भी नहीं पाई थी कि अगली ही गेंद पर विकेटकीपर ऋचा घोष बिना खाता खोले बोल्ड हो गईं। पिछले मैच की स्टार स्नेह राणा (18) और पूजा वस्त्राकर 6 रन बनाकर आउट हुईं।एमी सैटरथवेट 84 गेंदों पर 75 रन बनाकर पूजा वस्त्राकर की गेंद पर आउट हुईं। उनका कैट मिडविकेट पर भारतीय कप्तान मिताली राज ने पकड़ा। आउट होने से पहले एमी दुनिया की 5वीं और कीवी टीम की दूसरी खिलाड़ी बन गईं, जिन्होंने वनडे में 4500+ रन बनाने के साथ कम से कम 50 विकेट लिए हों। उनसे पहले इंग्लैंड की शार्लोट एडवर्ड्स, ऑस्ट्रेलिया की करेन रोल्टन, वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स ये रिकॉर्ड बना चुकी हैं।

दोनों टीमें:
IND
: स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, हरमनप्रीत कौर, मिताली राज (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, झूलन गोस्वामी, मेघना सिंह, पूजा वस्त्राकर, राजेश्वरी गायकवाड।

NZ: सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, अमेलिया केर, एमी सैटरथवेट, मैडी ग्रीन, फ्रांसिस मैके, केटी मार्टिन (विकेटकीपर), हेले जेन्सेन, ली ताहुहू, जेस केर, हन्ना रोवे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *