दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में स्थित झुग्गी बस्ती में शुक्रवार देर रात आग लग गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। आग इतनी भयंकर थी कि 60 से ज्यादा झुग्गियां जलकर राख हो गईं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल गोकुलपुरी पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। सीएम ने इस हादसे में मरने वाले वयस्क के परिजनों को 10 लाख, बच्चों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की बात कही है। साथ ही हादसे में घायल होने वाले लोगों को 25 हजार की मदद देने की घोषणा की है।
फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर 13 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। आग काफी भयानक थी, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया लिया गया।
दिल्ली फायर टीम के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि सर्विस के दौरान 7 जले हुए शव मिले, जिनकी पहचान करना काफी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मौत आग लगने के चलते हुई है ऐसा लग रहा था कि ये लोग सो रहे थे और इनके पास बचने का कोई उपाय नहीं था, क्योंकि आग बहुत तेजी से फैल गई थी। हमें अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।मौके पर पुलिस के कई अधिकारी भी पहुंचे। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एडिशनल DCP ने कहा कि रात 1 बजे गोकुलपुरी थाना क्षेत्र की एक झुग्गी बस्ती में आग की सूचना मिली। सभी बचाव उपकरण के साथ पुलिस मौके पहुंची। हमने तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम के साथ कोऑर्डिनेट किया। कई लोग रेस्क्यू किए गए। जो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। DCP ने कहा कि आग किस वजह से लगी इसका पता नहीं चल पाया है।