बेंगलुरु में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट मैच में भारत ने श्रीलंका के सामने 447 रन का टारगेट रखा है। जिसके जवाब में श्रीलंका ने दूसरे दिन स्टंप्स तक 1 विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने 10 और कुसल मेंडिस 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
बेंगलुरु टेस्ट में अभी भी 3 दिन का खेल बाकी है और टीम इंडिया को जीत के लिए 9 विकेट की दरकार है। वहीं, श्रीलंका अभी भी टारगेट से 419 रन पीछे हैं। बता दें कि दूसरे दिन के खेल में दोनों टीमों ने मिलाकर 14 विकेट चटकाए।
दिन का खेल खत्म होने के बाद अचानक से कुछ फैंस सिक्योरिटी तोड़कर मैदान के अंदर घुस गए और पूर्व कप्तान विराट कोहली के साथ सेल्फी लेने लगे। कोहली ने फैंस के साथ फोटो जरूर क्लिक कराई, लेकिन इसके बाद स्टेडियम में तैनात पुलिसकर्मी फैंस को पकड़कर ले गए।
इससे पहले भी कई बार मैदान पर इस तरह की घटनाएं देखने को मिली हैं, जो BCCI के सिक्योरिटी नियमों पर कई सारे सवाल खड़ा करती है।भारत ने दूसरी पारी 303/9 के स्कोर पर घोषित की थी। श्रेयस अय्यर (67) टॉप स्कोरर रहे। वहीं, ऋषभ पंत ने 50 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से प्रवीण जयविक्रमा ने 4 और लसिथ एम्बुलडेनिया ने 3 विकेट चटकाए। इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए पहली पारी 252 रन बनाए थे। वहीं, श्रीलंका पहली पारी में केवल 109 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई थी।पहली पारी में शानदार 92 रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर ने अपनी कमाल की फॉर्म को बरकरार रखा और दूसरी पारी में भी फिफ्टी लगाई। अय्यर ने 70 गेंदों पर टेस्ट क्रिकेट में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ श्रेयस डे-नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में 50+ स्कोर बनाने वाले भारत के पहले और दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। अय्यर 67 रन बनाकर लसिथ एम्बुलडेनिया की गेंद पर LBW आउट हुए।श्रीलंका की पहली पारी में भारतीय उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह ने शानदार बॉलिंग करते हुए 5 विकेट हासिल किए। बुमराह ने कुसल मेंडिस (2), लाहिरु थिरिमाने (8), एंजेलो मैथ्यूज (43), निरोशन डिकवेला (21) और लसिथ एम्बुलडेनिया (1) को आउट किया।
दोनों टीमें-
IND: मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), हनुमा विहारी, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह
SL: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), लाहिरु थिरिमाने, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजया डी सिल्वा, चरिथ असलंका, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सुरंगा लकमल, लसिथ एम्बुलडेनिया, विश्व फर्नांडो, प्रवीण जयविक्रमा।