IPL के 15वें सीजन का आगाज होने से पहले फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। टूर्नामेंट के मैच दर्शकों के बिना यानी बंद दरवाजों के पीछे खेले जा सकते हैं। पहले 25% फैंस की अनुमति के साथ टूर्नामेंट शुरू होने की बात सामने आई थी, लेकिन इस अनुमति को महाराष्ट्र सरकार आने वाले दिनों में वापस ले सकती है।
दरअसल, केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार को राज्य में नए कोविड -19 खतरे की चेतावनी दी है, जिसका असर IPL पर भी पड़ सकता है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने ANI को बताया- हमें केंद्र सरकार से अलर्ट रहने के लिए एक लेटर मिला है। यूरोपीय देशों, साउथ कोरिया और चीन में कोविड-19 के केस में बढ़ोतरी हुई है। इसको ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पत्र जारी कर सतर्क रहने और आवश्यक कदम उठाने को कहा था। हालांकि, आईपीएल मैच पर हम अभी टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।
बता दें कि लीग के सभी 70 मैच महाराष्ट्र के दो शहर मुंबई (वानखेड़े, ब्रेबोन और डीवाई पाटिल स्टेडियम) और पुणे (MCA स्टेडियम) में खेले जाएंगे। IPL 2022 का पहला मैच 26 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा।दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है। टीम के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्या आगामी सीजन के लिए मुंबई पहुंच गए हैं। पिछले कुछ समय से नोर्त्या के टूर्नामेंट में खेलने पर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन मुंबई पहुंचकर उन्होंने न सिर्फ फ्रेंचाइजी को बल्कि दिल्ली के फैंस को भी बड़ी राहत पहुंचाई।एनरिक काफी समय से कूल्हे की चोट से परेशान हैं और टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला है। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2022 के लिए एनरिक नोर्त्या को 6.5 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। अभी तक IPL के 24 मैचों में उन्होंने 36 विकेट चटकाए हैं।