यूक्रेन पर हमले का 26वां दिन

यूक्रेन पर हमले का 26वां दिन

रूस-यूक्रेन जंग का आज 26वां दिन है। रूसी सेना के हमले से सूमी के एक केमिकल प्लांट में अमोनिया लीकेज हो गया है। इसके बाद प्लांट के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को यहां से सुरक्षित जगह जाने के लिए कहा गया है। रूस ने रविवार रात को कीव के एक शॉपिंग मॉल पर एयर स्ट्राइक की। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई।इधर, मारियुपोल शहर पर फाइनल कब्जे के लिए रूस की तरफ से दी गई सरेंडर की डेडलाइन खत्म हो गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, रूस ने रविवार रात को मारियुपोल एडमिनिस्ट्रेशन को सरेंडर के लिए मॉस्को के समय के हिसाब से सुबह 5 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे) की डेडलाइन दी थी। हालांकि, यूक्रेन ने सरेंडर के इस प्रस्ताव को पहले ही ठुकरा दिया है।रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल राजवोझाएव ने टेलिग्राम पोस्ट में मारियुपोल शहर में जंग के दौरान पोस्ट-कैप्टन आंद्रेई पैली के मारे जाने का दावा किया। पैली रूस की ब्लैक-सी फ्लीट के डिप्टी कमांडर थे। हालांकि, रूसी नेवी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। क्रीमिया में मौजूद सेवस्तोपोल रूस की ब्लैक-सी फ्लीट का अहम बेस है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की ने रविवार रात इजराइल की संसद को वीडियो लिंक के जरिए संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इजराइल की तरफ से अपना आयरन डोम मिसाइल डिफेंस सिस्टम यूक्रेन को बेचने से इनकार करने पर सवाल उठाए।यहूदी मूल के जेलेंस्की ने इजराइल से यूक्रेनी यहूदियों की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा- हर कोई जानता है कि आपका मिसाइल डिफेंस सिस्टम बेस्ट है और आप निश्चित तौर पर हमारे लोगों की मदद करेंगे। जेलेंस्की की अपील के बाद इजराइली विदेश मंत्री याइर लैपिड ने कहा, हम यूक्रेन की जितनी हो सकेगी, उतनी मदद करेंगे।बता दें कि इजराइली प्रधानमंत्री नफ्टाली बैनेट लगातार जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रहे हैं। वे दोनों से इस बारे में कई बार बात कर चुके हैं। अपने पड़ोसी और कट्टर दुश्मन सीरिया में रूस की प्रभावशाली भूमिका के चलते इजराइल लगातार मॉस्को के साथ अपने संबंध खराब होने से बचाने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *