रूस यूक्रेन जंग का आज 27वां दिन है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने NATO से दो टूक लहजे में सवाल पूछा है कि NATO साफ करे कि यूक्रेन को अपने अलायंस में जगह दे रहे हैं या नहीं? सच तो ये है वो रूस से डरते हैं। वहीं यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर डोनबास के डोनेट्स्क और लुहान्स्क से लगभग 2,500 यूक्रेनी बच्चों को किडनैप करके रूस भेजने का आरोप लगाया गया है।
दूसरी तरफ यूक्रेन युद्ध की वजह से यूरोप में शरणार्थी संकट लगातार गहराता जा रहा है। जर्मन के विदेश मंत्री ने यूरोपियन यूनियन को 80 लाख यूक्रेनी शरणार्थियों के लिए तैयार रहने को कहा है। UNHRC की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 1 करोड़ से ज्यादा लोग शरणार्थी के रूप में देश के अंदर और बाहर शिफ्ट हो चुके हैं।रूसी सेना को यूक्रेन आर्मी के साथ अब आम लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को खेर्सोन के फ्रीडम स्क्वायर पर लोगों ने बड़ी संख्या में जमा होकर हमले का विरोध किया, जिसके बाद रूसी सेना ने भीड़ को काबू करने के लिए गोलीबारी और हथगोले का इस्तेमाल किया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि भले ही रूस ने मारियुपोल को जलाकर राख कर दिया हो, लेकिन फिर भी यह शहर जिंदा रहेगा। उन्होंने यूक्रेनी लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमारे देश की रक्षा के लिए, हमारे लोगों को बचाने के लिए आप जो कुछ भी कर सकते हैं वह करें। वहीं, यूरोपीय संघ की फॉरेन पॉलिसी के हेड जोसेप बोरेल ने सोमवार को कहा कि “मारियुपोल में जो हो रहा है वह एक बड़ा युद्ध अपराध है।”
रूस ने रविवार रात को कीव के एक शॉपिंग मॉल पर एयर स्ट्राइक की। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई। रूस का कहना है कि इस शॉपिंग मॉल का इस्तेमाल रॉकेट भंडारण के लिए किया जा रहा था। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा- यूक्रेनी सेना शॉपिंग मॉल का इस्तेमाल रॉकेट लॉन्चर को लोड करने और रूसी सैनिकों पर गोलीबारी के लिए कर रही थी।अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन जंग को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर वॉर क्रिमिनल होने का आरोप लगाया था। बीते रोज रूस ने बाइडेन के बयान को लेकर अमेरिकी राजदूत को तलब किया है।