कांग्रेस उम्मीदवार ने दाखिल किया पर्चा:समर्थकों संग निकला खैरागढ़ की उम्मीदवार यशोदा वर्मा का नामांकन जुलूस

कांग्रेस उम्मीदवार ने दाखिल किया पर्चा:समर्थकों संग निकला खैरागढ़ की उम्मीदवार यशोदा वर्मा का नामांकन जुलूस

खैरागढ़ उप चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार यशोदा वर्मा ने शक्ति प्रदर्शन के साथ बुधवार को अपना नामांकन पत्र जमा करा दिया। नामांकन के लिए राजनांदगांव के बाबा फतेह सिंह हॉल से जुलूस निकला। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत सहित कई मंत्री, पदाधिकारी और नेता शामिल हुए।

राजनांदगांव पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बाबा फतेह सिंह हॉल में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार ने पिछले तीन सालों में गांव-गरीब को मजबूत करने के लिए ही काम किया है। इसी की बदौलत पिछले तीन विधानसभा उप चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी को मतदाताओं का साथ मिला है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोगों के समर्थन से कांग्रेस यह उप चुनाव भी जीतेगी। पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, उनकी पार्टी सरकार के कामकाज के आधार पर वोट मांगेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के उम्मीदवार कोमल जंघेल को पिटा हुआ चेहरा बता दिया।

इससे पहले कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया था, कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा की नामांकन रैली बुधवार दोपहर राजनांदगांव के बाबा फतेह सिंह हॉल से रवाना होगी। मुख्य मार्ग से होते हुए यह जुलूस जिला पंचायत भवन पहुंचेगा। यहां नामांकन के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनांदगांव के होटल राज इंपीरियल में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी करेंगे।

इसमें स्थानीय नेताओं को चुनाव संबंधी लक्ष्य दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री इस बैठक के बाद रायपुर वापस लौटेंगे। कांग्रेस ने मंगलवार को ही खैरागढ़ उप चुनाव के लिए ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष यशोदा वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। वर्मा राजनांदगांव जिला पंचायत की पूर्व सदस्य हैं। वे जनपद पंचायत की सदस्य और ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी हैं।भारतीय जनता पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने भी बुधवार को उम्मीदवार घोषित कर दिए। भाजपा ने खैरागढ़ के पूर्व विधायक कोमल जंघेल को टिकट दिया है। वहीं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के बहनोई नरेंद्र सोनी को उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों का नामांकन जुलूस गुरुवार को निलकेगा।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उप चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 24 मार्च निर्धारित की गई है। 25 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 मार्च तक प्रत्याशियों को अपने नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। उसके बाद वैध प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा। खैरागढ़ सीट पर मतदान 12 अप्रैल को होना है। 16 अप्रैल को मतगणना और परिणाम जारी होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *