दिल्ली में हाई अलर्ट:तहरीक-ए-तालिबान ने ई-मेल भेजकर ब्लास्ट की धमकी दी

दिल्ली में हाई अलर्ट:तहरीक-ए-तालिबान ने ई-मेल भेजकर ब्लास्ट की धमकी दी

देश की राजधानी दिल्ली पर एक बार फिर आतंकी खतरा मंडरा रहा है। तहरीक-ए-तालिबान के इंडिया सेल ने दिल्ली में हमले करने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार देर रात सरोजनी मार्केट समेत कई बाजारों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के एक अफसर ने बताया कि तहरीक-ए-तालिबान के नाम से कुछ लोगों को धमकी भरे ई-मेल भेजे हैं, जिनमें दिल्ली में ब्लास्ट करने की बात कही गई है। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस को इन ई-मेल्स के बारे में शिकायत की। UP पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी।दिल्ली पुलिस ने हमले का इनपुट मिलने के तुरंत बाद संवेदनशील जगहों पर फोर्स बढ़ा दिया। वहीं, सरोजिनी नगर मार्केट में कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दिल्ली के कुछ और मार्केट में भी इसी तरह के सर्च ऑपरेशन की खबर है।दिल्ली पुलिस के एक अफसर ने बताया कि धमकी भरे मेल करने वाला शख्स तहरीक-ए-तालिबान इंडिया संगठन से जुड़ा है। वहीं, UP पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि धमकी भले ही दिल्ली के लिए मिली हो, लेकिन हमने UP में भी अलर्ट रहने के लिए कहा है।इससे पहले 14 जनवरी को दिल्ली के गाजीपुर और 18 फरवरी को ओल्ड सीमा पुरी से सुरक्षा बलों ने बड़ी संख्या में IED विस्फोटक बरामद किए थे। पाकिस्तान में तैयार इन विस्फोटकों को जमीन या समुद्र के रास्ते भारत भेजा गया था। समय रहते सुरक्षा बलों ने इन विस्फोटकों को डिफ्यूज कर दिया था। सुरक्षा बलों के मुताबिक, दोनों ही जगह मिले विस्फोटकों के तार एक ही जगह से जुड़े थे।तहरीक-ए-तालिबान को पाकिस्तान का तालिबान भी कहा जाता है। इसकी स्थापना दिसम्बर 2007 में हुई थी। पाकिस्तान में अफगानिस्तान बॉर्डर के पास कबायली इलाकों में इसका अच्छा खासा प्रभाव है। इस संगठन का मकसद पाकिस्तान में शरिया पर आधारित कट्टरपन्थी इस्लामी सरकार को कायम करना है। इसी संगठन ने 2014 में पाकिस्तान के पेशावर में आर्मी स्कूल पर हमला कर 132 बच्चों समेत 149 लोगों को मार डाला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *