हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बाजार में गिरावट देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 89 पॉइंट की गिरावट के साथ 57,595 पर बंद हुआ। वहीं NSE का निफ्टी भी 22 अंको की गिरावट के साथ 17,222 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स आज 494 पॉइंट की गिरावट के साथ 57,190 पर खुला था। दिनभर के कारोबार में इसने 57,138 का निचला और 57,827 का ऊपरी स्तर बनाया। वहीं निफ्टी 151 अंको की गिरावट के साथ 17,094 पर खुला था। मार्केट में इस गिरावट की वजह फाइनेंशियल, IT और ऑटो सेक्टर के शेयर रहे।पेटीएम के शेयरों में आज करीब 9% की तेजी देखने को मिली। NSE पर पेटीएम का स्टॉक 47.10 रुपए (8.98%) बढ़कर 571.40 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में पेटीएम ने 595 रुपए का ऊपरी और 521.10 का निचला स्तर बनाया। पेटीएम का स्टॉक अभी भी अपने IPO प्राइस से करीब 72% नीचे है।
जी इंटरनेटमेंट (ZEEL) के शेयर में आज 17% की तेजी देखने को मिली। ZEEL का शेयर 43.25 रुपए (16.89%) बढ़कर 299.30 पर बंद हुआ। स्टॉक में आई तेजी की वजह कंपनी के सबसे बड़े शेयर होल्डर इनवेस्को की बोर्ड में बदलाव की मांग को वापस लेना है। इनवेस्को लगातार कंपनी के बोर्ड में बदलाव की मांग कर रहा था। इनवेस्को का कहना है कि जी-सोनी मर्जर से बोर्ड को मजबूत करने का उनका लक्ष्य पूरा हो गया है, इसलिए वह बोर्ड में बदलाव की मांग को वापस ले रहा है।
रुचि सोया का 4300 करोड़ रुपए का FPO यानी फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर गुरुवार से खुल गया है। 28 मार्च 2022 तक इसे सब्सक्राइब किया जा सकता है। एफपीओ के लिए प्राइस बैंड 615-650 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। जबकि स्टॉक एक्सचेंज में इसके एक शेयर की कीमत (CMP) 882 रुपए है।
पतंजलि की रुचि सोया में 98.9% हिस्सेदारी है और बाकी सार्वजनिक शेयरधारकों के पास है। FPO के बाद कंपनी में पतंजलि की हिस्सेदारी घटकर 81% रह जाएगी जबकि पब्लिक हिस्सेदारी बढ़कर 19% हो जाएगी।
निफ्टी के चार प्रमुख इंडेक्स में से सिर्फ मिडकैप, नेक्स्ट 50 में बढ़त जबकि फाइनेंशियल इंडेक्स और बैंक में गिरावट रही। इसके 50 में से केवल 22 शेयर तेजी में और बाकी 27 नीचे रहे। बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में डॉक्टर रेड्डीज, कोल इंडिया और टेक महिंद्रा रहे।