पंजाब में कांग्रेस को हराकर आई आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार में पहली बार किसानों पर लाठीचार्ज हुआ है। इस दौरान 6 किसान घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये किसान तबाह हो चुकी कपास की फसल के मुआवजे की मांग कर रहे थे।
भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहां) की अगुआई में किसानों ने लंबी के नायब तहसीलदार समेत अन्य स्टॉफ को दफ्तर में बंधक बना लिया। इसके बाद पुलिस ने देर रात 12 बजे किसानों पर लाठीचार्ज कर नायब तहसीलदार और स्टॉफ को छुड़ाया।
पुलिस की ओर से किए गए लाठीचार्ज में 6 किसान घायल हो गए, जिन्हें लंबी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, नायब तहसीलदार अरजिंदर सिंह और स्टॉफ के बाहर आने के बाद अब पूरे प्रदेश के तहसीलदार हड़ताल पर चले गए हैं।
किसानों का आरोप है कि गुलाबी सुंडी से खराब हुई नरमा की फसल के मुआवजे के मामले में मुक्तसर जिले को नजरअंदाज किया गया है। मुक्तसर जिले में अधिकतर नरमा की खेती लंबी ब्लॉक में ही होती है। गिरदावरी में लंबी ब्लॉक के केवल छह गांवों को ही शामिल किया गया और उन्हें भी अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया, अन्य करीब 30 गांवों को गिरदावरी में शामिल ही नहीं किया।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस के लाठीचार्ज में 6 किसान जख्मी हो गए, जिन्हें पास के सरकारी अस्पताल में दाखिल किया गया। इन घायलों में किसानों में हरपाल सिंह किल्लियांवाली, निशान सिंह कख्खांवाली, जगदीप सिंह खुड्डियां, दविंदर सिंह मानावाला, एमपी सिंह भुल्लरवाला, गुरलाभ सिंह कख्खांवाली, काला सिंह खुन्नण खुर्द आदि शामिल हैं।