दो दिवसीय बस्तर प्रवास पर रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लाल बाग के पास स्थित नेहरू मेमोरियल पार्क का शुभारंभ किया। साथ ही यहां पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया है। अब इस परिसर को नेहरू मंच के नाम से भी जाना जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने इसी मंच से तृतीय राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन को संबोधित किया था। जिसके बाद सरकार अब इसे ऐतिहासिक धरोहर के रूप में संवारने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि, साल 1955 में 13 से 15 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर पंडित जवाहर लाल नेहरू यहां आए थे। लालबाग मैदान के सामने सड़क के दूसरे छोर में नक्षत्र वाटिका के पास पंडित जवाहरलाल नेहरू के लिए मंच तैयार किया गया था इसी मंच से उन्होंने देश को संबोधित किया अब लगभग एक एकड़ के इस क्षेत्र में नेहरू मेमोरियल पार्क के रूप में इसे विकसित किया जा रहा है। यहां लगाए गए पांच स्तंभों में पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन से संबंधित जानकारी दी गई है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जगदलपुर में स्थित बादल एकेडमी भी पहुंचे। उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के तहत ‘बादल पत्रिका’ का विमोचन किया है। इस पत्रिका के माध्यम से बस्तर की कला एवं संस्कृति की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस पत्रिका में बस्तर की विभिन्न परंपराएं, रीति-रिवाज की विभिन्न जानकारियां है।