छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल:

छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल:

छत्तीसगढ़ में गर्मी का सितम जारी है। इस बीच थोड़ी राहत की संभावना बनती दिख रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार-मंगलवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात हो सकती है। उत्तर और दक्षिण से आ रही हवा के टकराव क्षेत्र को इस बदलाव की वजह बताई जा रही है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर से गर्म और सूखी हवा आ रही है। इस बीच दक्षिण से अपेक्षाकृत ठंडी और नमी वाली हवा का आगमन होने लगा है। उत्तरी और दक्षिणी हवा का संगम स्थल दक्षिण छत्तीसगढ़ बना हुआ है। इसकी वजह से चरम दक्षिण यानी बस्तर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बस्तर संभाग में बरसात होने के बाद अभी गर्मी से राहत रहेगी किन्तु नमी के कारण बेचैनी बने रहने की सम्भावना है। प्रदेश के दूसरे हिस्सो में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल महीने में रायपुर सहित अधिकांश हिस्सों में मासिक वर्षा का औसत 15.1 मिलीमीटर है। उत्तर भारत के शीत विक्षोभों की वजह से कभी-कभी इस महीने में बादल छाते हैं। गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना बनी रहती है। कभी-कभी ओला भी गिरता है। अप्रैल में रायपुर की मासिक वर्षा का सर्वकालिक रिकॉर्ड 131.1 मिलीमीटर है। यह रिकॉर्ड 1909 में बना था। उसके बाद से कभी इतनी बरसात नहीं हुई।

अप्रैल महीने में 24 घंटों के दौरान रायपुर में सबसे अधिक बरसात 2 अप्रैल 1905 को दर्ज हुई है। उस दिन 45.2 मिलीमीटर बरसात हुई थी। 2021 में एक दिन में अधिकतम बरसात 3.6 मिमी दर्ज हुई थी। पिछले 10 सालों में 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक बरसात 27 अप्रैल 2020 को हुई। उस दिन 24.6 मिमी बरसात रिकॉर्ड हुआ। 2017 में पूरे महीने बरसात ही नहीं हुआ था।छत्तीसगढ़ में सोमवार को औसत अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और माना हवाई अड्‌डे पर 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। बिलासपुर में पारा 41.9 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। वहीं उसके पड़ोसी मुंगेली का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। वहीं राजनांदगांव में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच पेण्ड्रा रोड, अम्बिकापुर और दुर्ग का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से कुछ अधिक रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रहा है जो जगदलपुर में दर्ज हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *