हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले में बुधवार को विक्टोरिया पुल से पड्डल मैदान तक आम आदमी पार्टी ने रोड शो निकाला। AAP के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान के नेतृत्व में देशभक्ति के गीतों के साथ रोड शो निकला। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता तिरंगा हाथ में लिए उनके साथ चले।
रोड शो को 3:00 बजे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संबोधित किया। मान ने कहा कि हिमाचल में आप लोगों से मिलने आए हैं। तब सोचा था कि गली भर भीड़ ही होगी पर यहां आकर आप लोगों ने गद्गद कर दिया। अंग्रेजों ने यहां 200 साल की गुलामी दी। भाजपा और कांग्रेस ने हमें पांच-पांच साल लूटा और टुकड़ों में गुलामी दी है। हर बार वही भाषण वही वादे नया कुछ नहीं। पता था कि पांच साल बाद तो बारी अपने आप आ जाएगी। इन्होंने लूटने के सिवा कोई काम नहीं कया।
मान ने कहा कि अब भगवान ने अपना झाड़ू भेजा है राजनीति की सफाई करने के लिए। इस बार अपने आप को वोट दें, अच्छी शिक्षा, अच्छी सेहत और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए वोट दें। पंजाब का रिजल्ट आने के बाद हर तीसरे दिन हिमाचल के भाजपा और कांग्रेस के नेताओं का बयान आ जाता है कि यहां तीसरी पार्टी नहीं आ सकती। लेकिन आदमी वही बोलता है जिसका डर रहता है। भगवंत ने कहा कि पंजाब में आप लोगों की रिश्तेदारियां हैं। 20 दिन हुए है शपथ लिए, आप पूछ लेना कि वहां भ्रष्टाचार कैसे कम हुआ है। आम आदमी पार्टी ने आम आदमी को विधानसभा और संसद में पहुंचाया
AAP की रैली में लोग झाड़ू के झंडे के बजाय तिरंगा हाथ में लिए विक्योरिया पुल पर पहुंचे। इसे भाजपा के राष्ट्रवाद के तोड़ के रूप में देखा जा रहा है। पारंपरिक परिधानों व बाध्य यंत्रों के साथ पहुंचे लोग काफी उत्साहित दिखे। इसमें लगभग हर आयु वर्ग का व्यक्ति शामिल हुआ। केजरीवाल और भगवंत मान के मंडी पहुंचते ही विक्टोरिया पुल से रोड शो शुरू होगा, जो करीब एक किलोमीटर बाद यानी पड्डल मैदान में खत्म हुआ।