बाराबंकी में रेलवे स्टेशन के पास 5 टाइमर बम मिले:ट्रेनों को रोका गया,ATS मौके पर पहुंची

बाराबंकी में रेलवे स्टेशन के पास 5 टाइमर बम मिले:ट्रेनों को रोका गया,ATS मौके पर पहुंची

बाराबंकी से बड़ी खबर है। यहां सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के पास 5 संदिग्ध टाइमर बम मिले हैं। एक बम में डिजिटल वॉच लगी हुई है। राजधानी लखनऊ से महज 20 किमी दूर इन संदिग्ध टाइमर बम मिलने से हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में बम स्क्वॉड और एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) टीम मौके पर पहुंच गई है।

जहां यह संदिग्ध बम मिले हैं, उस जगह की घेराबंदी करके सील कर दिया गया है। आसपास से लोगों को हटा दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को वहां जाने नहीं दिया जा रहा है। रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों को भी कुछ देर के लिए रोका गया। बमों को डिफ्यूज कर दिया गया है। उनके सैंपल को लैब में जांच के लिए भेजा जा रहा है। एसपी सिटी समेत सभी सीनियर पुलिस अफसर मौके पर मौजूद हैं।

शुक्रवार दोपहर को सफेदाबाद रेलवे स्टेशन से पीछे की तरफ 100 मीटर दूर लोगों को यह संदिग्ध बम नजर आए। इनकी साइज ईंट से कुछ छोटी थी। वहां से गुजर रहे एक युवक की सबसे पहले इन पर नजर पड़ी। वह कुछ समझ नहीं पाया, लेकिन बाद में ध्यान से सुना तो इनसे टिक-टिक की आवाज आ रही थी। इसके बाद आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ बम जमीन के अंदर गड़े हुए थे, जबकि एक-दो बाहर पड़े थे। देखने से ऐसा लग रहा था कि जैसे कोई इनको यहां छिपाने की कोशिश कर रहा था। एक संदिग्ध बम में डिजिटल वॉच की तरह से दिखने वाला टाइमर लगा हुआ है।एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि यह टाइमर बम है या कुछ और? इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। गांव के एक युवक ने पुलिस को बताया कि यहां बम जैसी चीज है। बम निरोधक दस्ता और एटीएस कमांडो मौके पर पहुंचे। रिस्क को खत्म करने के लिए उनको टीम ने नष्ट किया। जो सैंपल मौके पर मिले हैं उनको लैब भेजा रहा है, ताकि यह क्या है यह पता चल सके। जैसे ही सैंपल की रिपोर्ट आएगी, उसे बताया जाएगा। जांच के बाद ही यह बताया जा सकेगा कि आखिर यह क्या हैं?सवाल यह भी है कि क्या लखनऊ को दहलाने के लिए इनका इस्तेमाल किया जाना था? या फिर किसी और काम के लिए? फिलहाल, पुलिस यह पता करने की कोशिश में जुटी है कि आखिर इन संदिग्ध बम को यहां किसने रखा था। इसके साथ ही, लैब रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। ताकि, इन संदिग्ध बमों में क्या-क्या था? इस बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *