संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दुनियाभर में बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर आगाह किया है। उन्होंने कहा- महामारी अभी खत्म नहीं हुई है क्योंकि दुनियाभर में रोजाना 15 लाख से भी अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। नए वैरिएंट की वजह से पूरे यूरोप में एक नई लहर फैल रही है। एशिया भी इससे अछूता नहीं है।
गुटेरेस ने ये बातें कोरोना महामारी से बचाव को लेकर शुक्रवार को हुए ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीन्स एंड इम्युनाइजेशन (GAVI) की एक समिट में कही। उन्होंने दुनियाभर की सरकारों और फार्मा कंपनियों से हर जगह वैक्सीन पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई देशों में महामारी की शुरुआत के बाद से सबसे ज्यादा मौतें देखी जा रही हैं।
पूरी दुनिया में कोरोना के अब तक 49 करोड़ से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं, 61 लाख से अधिक मौतें हुई हैं। देश के लिहाज से देखें तो सबसे अधिक नए साप्ताहिक केस दक्षिण कोरिया में (20.58 लाख), जर्मनी (13.71 लाख) फ्रांस (9.59 लाख), वियतनाम (7.96 लाख) और इटली (4.86 लाख) में मिले हैं।
दुनियाभर में सबसे अधिक साप्ताहिक मौतें अमेरिका में (4,435), रूस (2,357), दक्षिण कोरिया (2,336), जर्मनी (1,592) और ब्राजील (1,436) में हुई हैं।
गुटेरेस ने कहा-ओमिक्रॉन वैरिएंट से हमें पता चलता है कि वायरस बहुत तेजी से म्यूटेट कर सकता है और फैल सकता है। वैक्सीनेशन न होने पर इसकी आशंकी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि अगला वैरिएंट आना तय है लेकिन यह कब आएगा इसको लेकर सवाल होना चाहिए। दुनियाभर में वैक्सीन की असमानता की वजह से नए वैरिएंट तेजी से बन रहे हैं। नए वैरिएंट की वजह से और भी मौतें हो रही है।कोरोना का नया XE वैरिएंट सबसे पहले UK में 19 जनवरी को पाया गया। WHO के मुताबिक, ये वैरिएंट BA.2 के मुकाबले 10 गुना ज्यादा खतरनाक है। नए XE वैरिएंट को दो ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट – BA.1 और BA.2 का हाइब्रिड स्ट्रेन कहा जाता है। WHO ने XE वैरिएंट को लेकर चेतावनी जारी की है। ये वैरिएंट फ्रांस, डेनमार्क और बेल्जियम में भी पाया गया है।