IPL में रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 3 रन से हरा दिया है। LSG के सामने 166 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में लखनऊ 162/8 रन ही बना सकी और मैच हार गई। क्विंटन डीकॉक (39) टॉप स्कोरर रहे।
RR की ओर से युजवेंद्र चहल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। इससे पहले टॉस हारकर पहले खेलते हुए राजस्थान ने 6 विकेट पर 165 रन बनाए थे। पारी में 6 छक्के लगाने वाले शिमरोन हेटमायर टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 59 रन की नाबाद पारी खेली। लखनऊ की ओर से गौतम और होल्डर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।लखनऊ को पहले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने दो झटके दिए। मैच की पहली ही गेंद पर उन्होंने केएल राहुल को क्लीन बोल्ड कर दिया। वहीं, बोल्ट की अगली गेंद वाइड रही फिर गौतम भी बिना खाता खोले अपना विकेट गंवा बैठे। प्रसिद्ध कृष्णा ने होल्डर को आउट कर लखनऊ को तीसरा झटका दिया।अपना पहला मुकाबला खेल रहे कुलदीप सेन ने शानदार फॉर्म में चल रहे दीपक हुड्डा को 25 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद युजवेंद्र चहल ने युवा सनसनी आयूष बडोनी को 5 रन पर चलता कर लखनऊ को पांचवां झटका दिया। चहल यहीं नहीं रुके और 39 रन बनाकर सेट हो चुके डीकॉक को भी अपना शिकार बनाया। ऐसा लग रहा था कि क्रुणाल पंड्या मैच में लखनऊ की वापसी कराएंगे, लेकिन उनको भी चहल ने 22 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। दुष्मंथ चमीरा युजवेंद्र के चौथे शिकार बने।
मैच के 10वें ओवर में कृष्णप्पा गौतम ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए रैसी वान डेर डूसन और देवदत्त पडिक्कल को आउट कर दिया। पडिक्कल ने चार चौके की मदद से 29 गेंद में 29 रन बनाए। वहीं, डूसन के बल्ले से सिर्फ 4 रन निकले।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
RR: जोस बटलर, रैसी वान डेर डूसन, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (w/c), शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, कुलदीप सेन, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल।
LSG: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (डब्ल्यू), मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुड्डा, आयुष बडोनी, क्रुणाल पंड्या, जेसन होल्डर, कृष्णप्पा गौतम, दुष्मंथ चमीरा, रवि बिश्नोई, आवेश खान।