बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में पहली बार तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय किसान मेला

बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में पहली बार तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय किसान मेला

बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में पहली बार तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय किसान मेले में उद्यानिकी विभाग ने गजब की प्रदर्शनी लगाई है। इस भीषण गर्मी में विभाग ने पौधे में रस्सी से बांधकर बैगन को फलदार बना दिया है। मेले का आयोजन बुधवार से शुरू हो रहा है। इसमें 20 हजार किसानों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। इस भीषण गर्मी में शुरू होने वाले कृषि मेले में उद्यानिकी, कृषि सहित अन्य विभागों ने उन्नत फसलों की प्रदर्शनी भी लगाई है।शाम चार बजे से शुरू होने वाले इस मेले का उद्घाटन कृषि मंत्री रविंद्र चौबे करेंगे और 15 अप्रैल को समापन अवसर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आएंगे। इस मेले में किसानों को उन्नत और ऑर्गेनिक खेती की जानकारी दी जाएगी। साथ ही 190 सरकारी और गैरसरकारी स्टॉल लगाए गए हैं। जिसमें उन्नत खेती और आधुनिक फसलों के साथ ही उद्यानिकी, मत्स्यपालन, पशुपालन की जानकारी दी जाएगी।

मेले के माध्यम से जिले के साथ ही प्रदेश भर के प्रगतिशील किसानों के उत्पादों और महिला स्व.सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर उनकी बिक्री भी की जा रही है। इस मेले में कृषि यंत्रों और आधुनिक कृषि पद्धति की जानकारी किसानों को दी जाएगी। मेले के माध्यम से किसानों को वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन व रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने के लिए भी जागरूक करने प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। राज्य स्तरीय किसान मेले में कृषि, उद्यानिकी, पशुधन, मछली पालन, कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा, बीज एवं कृषि निगम, सहकारी दुग्ध महासंघ के उत्पाद और विक्रय संबंधी स्टॉल समेत निजी फर्म मिलाकर 190 स्टॉल लगाए जाएंगे।

CM के ड्रीम प्रोजेक्ट का मॉडल
किसान मेले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी पर मॉडल प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही गोधन न्याय योजना के भी स्टॉल लगाए जाएंगे। किसानों को अपनी फसलों में वर्मी कंपोस्ट का उपयोग करने के साथ ही गोठान से वर्मी कंपोस्ट लेने और खुद वर्मी कंपोस्ट बनाने की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *