छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में खैरागढ़ उपचुनाव के लिए कल यानी शनिवार को मतगणना होगी। राजनांदगांव शहर में स्थित बीज निगम कार्यालय परिसर को मतगणना स्थल बनाया गया है। यहां पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। जिसमें 21 राउंड में मतों की गणना की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 16 अप्रैल की सुबह उम्मीदवारों और अब्जर्वर की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। सके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से हुए मतदान की गणना होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक टेबल पर दो गणना अधिकारी के साथ एक माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है।मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ पास धारियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना का कार्य देर शाम तक पूर्ण होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि दोपहर तक जनादेश की स्थिति स्पष्ट होने लगेगी और विजयी उम्मीदवार का चेहरा भी सामने आ जाएगा।
खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान हुआ था। अब 16 अप्रैल को मतगणना का कार्य शुरू होगा। इसके लिए एक दिन पहले से कर्मचारियों को ड्यूटी पास बांट दिए गए हैं। वहीं मतगणना स्थल पर 3 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी तारण प्रकाश सिन्हा ने शुक्रवार को मौके पर पहुंच मतगणना स्थल पर रिहर्सल का जायजा लिया।
खैरागढ़ विधानसभा के लिए 12 अप्रैल को हुए मतदान में 77.84% वोट पड़े थे। जिसमें 78.92% पुरुष और 77.74% महिला मतदाताओं ने मतदान किया है। यहां कुल मतदाता 2 लाख 11 हजार 516 हैं। इसमें 1 लाख 5 हजार 250 महिला और 1 लाख 6 हजार 266 पुरुष मतदाता हैं। यानी कि दोनों की आधी-आधी हिस्सेदारी है। जबकि इनमें 80 वर्ष से अधिक 1612 और नए मतदाता 3752 हैं। जबकि दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 1011 और सर्विस वोटर 89 शामिल हैं।