हनुमान जयंती के अवसर पर शनिवार को गुजरात के मोरबी में भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया। PM ने कहा कि हनुमान जी अपनी भक्ति से, अपने सेवाभाव से, सबको जोड़ते हैं। हर कोई हनुमान जी से प्रेरणा पाता है। हनुमान वो शक्ति और सम्बल हैं, जिन्होंने समस्त वनवासी प्रजातियों और वन बंधुओं को मान और सम्मान का अधिकार दिलाया। इसलिए एक भारत, श्रेष्ठ भारत के भी हनुमान जी एक अहम सूत्र हैं।PM ने कहा कि रामकथा का आयोजन देश के अलग-अलग हिस्सों में किया जाता है। कथा के दौरान भाषा-बोली जो भी हो, लेकिन रामकथा की भावना सभी को जोड़ती है, प्रभु भक्ति के साथ एकाकार करती है। इसने गुलामी के मुश्किल कालखंड में भी अलग अलग हिस्सों और अलग अलग वर्गों को जोड़ा, आजादी के राष्ट्रीय संकल्प के लिए एकजुट प्रयासों को सशक्त किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, भगवान हनुमान से संबंधित चार धाम परियोजना के तहत देश के चारों दिशाओं में हनुमान की मूर्ति स्थापित की जानी है। इस कड़ी में यह हनुमान की दूसरी मूर्ति है, जो पश्चिम दिशा में है। मूर्ति की स्थापना मोरबी के बापू केशवानंद आश्रम में की गई है।इस श्रृंखला की पहली मूर्ति साल 2010 में उत्तर में शिमला में स्थापित की गई है। इसे बनाने में 1.9 करोड़ रुपए की लागत आई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया है कि तीसरी मूर्ति का काम शुरू हो गया है। तीसरी मूर्ति दक्षिण में रामेश्वरम में में स्थापित की जानी है। हरीश चंदर नंदा एजुकेशन ऐंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा ये प्रतिमा स्थापित की जाएगी।