रूस-यूक्रेन जंग को 50 दिन से ज्यादा हो चुके हैं। पश्चिमी देशों के प्रतिबंध के जवाब में रूस ने कड़े एक्शन ले रहा है। इसी कड़ी में रूस के विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन और विदेश सचिव लिज ट्रस समेत 10 ब्रिटिश डिप्लोमैट्स पर बैन लगा दिया है। अब ये लोग रूस में एंट्री नहीं कर पाएंगे। रूसी विदेश मंत्रालय का कहना है कि ब्रिटेन के दुश्मनी भरे रवैये की वजह से यह फैसला लिया गया है।
दूसरी तरफ, NATO और EU भी रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए रूस के साथ डिफेंस, फाइनेंस और व्यापार के क्षेत्र में कूटनीतिक रिश्तों को लेकर नए सिरे से खाका तैयार किया जा रहा है।वहीं, यूक्रेनी सेना के पलटवार में एक और रूसी जनरल की मौत हो गई। सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर के मुताबिक, मेजर जनरल व्लादिमिर फ्रोलोव युद्ध में शहीद हो गए। उन्हें शनिवार को सेंट पीटर्सबर्ग में दफनाया गया। यूक्रेन जंग में अब तक करीब 7 रूसी जनरलों की मौत हो चुकी है।खार्किव पर रूसी सेना के हमले में 2 नागरिकों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। खार्किव के लोकल प्राॅसिक्यूटर ने बताया कि रूसी सेना दो जिलों पर हमला करने के लिए लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल का इस्तेमाल किया। इस हमले में कई घर और दुकानों को नुकसान पहुंचा है।
रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि मारियुपोल शहर पर उसकी सेना ने कब्जा कर लिया है। यूक्रेनी सेना को अपनी जान बचाने के लिए सरेंडर करना होगा। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का कहना है कि उनकी सेना अभी मारियुपोल के लिए लड़ाई लड़ रही है। हालांकि, उनके कंट्रोल में शहर का सिर्फ एक छोटा हिस्सा ही है।ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने नीदरलैंड में इनविक्टस गेम्स के उद्घाटन समारोह में यूक्रेनी टीम की तारीफ की। प्रिंस हैरी ने कहा- आप जानते हैं हम आपके साथ खड़े हैं। दुनिया आपके साथ एकजुट है। आप यहां अपनी ताकत दिखाने के लिए नहीं हैं, बल्कि आपके देश में जो हो रहा है उसकी सच्चाई बताने के लिए हैं। इस इवेंट की ओपनिंग सेरेमनी में यूक्रेनी टीम को स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया।