देश में कोरोना मामलों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। लगातार चौथे दिन कोरोना के 2,000 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। बीते दिन देश में कुल 2,527 नए कोरोना केस मिले, जबकि 33 लोगों की मौत हुई है। पिछली बार कोविड केस कम होने के दौरान 17 मार्च को 2,528 केस मिले थे।
देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 15,079 है। पिछली बार 15 हजार से अधिक एक्टिव (15,378) केस 28 मार्च को दर्ज किए गए थे। केसेस में लगातार हो रही बढ़ोतरी से बहुत जल्द चौथी लहर की आशंका जताई जा रही है।
उधर, राजधानी दिल्ली में महज नए मामले ही नहीं बढ़े हैं, बल्कि इस सप्ताह वहां की R-Value भी बढ़ गई है। R-Value वह आंकड़ा है, जो बताता है कि कोरोना किस रफ्तार से फैल रहा है। IIT-मद्रास के एनालिसिस के मुताबिक, इस सप्ताह दिल्ली की R-Value 2.1 रही है यानी हर संक्रमित मरीज कम से कम दो अन्य लोगों में संक्रमण फैला रहा है।
दिल्ली को लेकर कम्प्यूटेशनल मॉडलिंग के जरिए यह प्रिलिमिनरी एनालिसिस IIT-मद्रास के मैथामेटिक्स डिपार्टमेंट और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर कम्प्यूटेशनल मैथामेटिक्स एंड डेटा साइंस ने मिलकर की है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोफेसर नीलेश एस. उपाध्याय और प्रोफेसर एस. सुंदर के निर्देशन में किए गए एनालिसिस में देश की R-Value 1.3 आंकी गई है। बता दें कि यदि R-Value 1 से नीचे दर्ज होती है तो इसे महामारी का अंत मान लिया जाता है। हालांकि एनालिसिस में शामिल IIT-मद्रास के डिपार्टमेंट ऑफ मैथामेटिक्स के ही डॉ. जयंत झा ने कहा कि फिलहाल मौजूदा R-Value के आधार पर यह नहीं कहा जा सकता है कि दिल्ली में चौथी लहर की शुरुआत हो गई है।
राजधानी दिल्ली के साथ ही देश के प्रमुख राज्यों में कोरोना केसेज में बढ़ोत्तरी हुई है। दिल्ली में शनिवार को 1094 नए केस मिले। पॉजिटिविटी रेट 4.82% रही। शुक्रवार को 1,042 केस दर्ज किए गए। इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 4.64% रही। आखिरी बार 10 फरवरी को इतनी संख्या में कोरोना केस मिले थे।
दिल्ली में शुक्रवार को एक आदेश जारी कर सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। ऐसा नहीं करने पर 500 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा।
दिल्ली में बढ़ते मामलों का असर इससे सटे हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। देश में दूसरे सबसे ज्यादा कोरोना केस हरियाणा में ही मिले हैं। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 385 केस मिले हैं। वहीं पॉजिटिविटी रेट 3.48% पहुंच गई है। हरियाणा में बीते दिन कुल 10,880 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए।