छत्तीसगढ़ में कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा चार करोड़ के पार पहुंच गया है। अब तक यहां चार करोड़ 20 हजार 99 टीके लगाए जा चुके हैं। सरकार ने विभिन्न आयु वर्ग के 2 करोड़ 28 लाख 24 हजार 769 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया था। इनमें से करीब दो करोड़ लोगों को बूस्टर डोज के रूप में तीसरी वैक्सीन भी दी जानी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया, प्रदेश भर में जो टीके लगाए हैं, उनमें से दो करोड़ 17 लाख 26 हजार 571 पहले डोज के तौर पर लगे हैं। एक करोड़ 78 लाख 27 हजार 071 टीके दूसरे डोज के तौर पर लगे हैं। वहीं चार लाख 66 हजार 457 टीके प्रिकॉशन अथवा बूस्टर डोज के तौर पर लगाए गए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक 18 साल से अधिक आयु की शतप्रतिशत आबादी को कम से कम एक टीका लगाया जा चुका है। वहीं 86% आबादी को दूसरा डोज भी लगाया जा चुका है। एक करोड़ 69 लाख 65 हजार 270 नागरिकों और 15 वर्ष से 18 वर्ष के आठ लाख 16 हजार 140 किशोरों को कोरोना से बचाव के लिए टीके की दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं। वहीं 12 से 14 साल तक के 45 हजार 661 बच्चों को टीके की दोनों डोज दी जा चुकी है।सरकार ने सभी टीकाकरण केंद्रों पर बुजुर्गों-बीमारों और फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए प्रीकॉशन यानी बूस्टर डोज लगाना शुरू किया था। प्रदेश में इस श्रेणी के करीब 32 लाख 42 हजार से अधिक लोग चिन्हित किये गये थे। शुरुआती उत्साह के बाद यह टीकाकरण भी धीमा पड़ रहा है। करीब साढे तीन महीनों के बाद भी केवल 14% यानी चार लाख 66 हजार 457 लोगों को ही टीका लगाया जा चुका है।