CG में एक बार फिर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार

CG में एक बार फिर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार

दो दिनों की गिरावट के बाद छत्तीसगढ़ में मौसम का पारा एक बार फिर ऊपर चढ़ने लगा है। रविवार को अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। दुर्ग के ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में इसे 42.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह पूरे प्रदेश में सबसे गर्म जगह रही। इस बीच बस्तर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर अंधड़ के साथ बारिश भी हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिन का मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहा। राजधानी रायपुर में तीखी धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। एक दिन पहले यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री मापा गया था। माना हवाई अड्‌डे के पास अधिकतम तापमान इससे भी अधिक यानी 41.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और राजनांदगांव में 40 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। पेण्ड्रा रोड में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और अंबिकापुर में 39.6 डिग्री रहा।

सबसे कम अधिकतम तापमान जगदलपुर में दर्ज हुआ। यहां का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। इसके साथ ही बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने बताया, बीजापुर, बस्तर, बेमेतरा, रायपुर सहित करीब आधा दर्जन जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक चार मिलीमीटर बारिश बीजापुर में रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक दिन और रात के तापमान में वृद्धि की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्रों में गर्म उत्तरी हवा और दक्षिण क्षेत्रों में अपेक्षाकृत ठंडी और नम हवा का आना जारी है। ऐसे में 25 अप्रैल को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *