PM मोदी का इस साल पहला विदेशी दौरा:3 दिन में 3 देशों में जाएंगे

PM मोदी का इस साल पहला विदेशी दौरा:3 दिन में 3 देशों में जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन बाद 2 मई को इस साल के अपने पहले विदेश दौरे पर रवाना होने जा रहे हैं। यूक्रेन संकट के बीच हो रहे इस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन में तीन यूरोपीय देशों जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की यात्रा करेंगे।

इस दौरान वे 25 मीटिंग करेंगे, जिनमें वे राजनीतिक नजरिए से 7 देशों के 8 वर्ल्ड लीडर्स से मुलाकात करेंगे तो साथ ही देश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 50 कंपनियों के बिजनेस हेड से भी मिलेंगे।

यूक्रेन संकट को लेकर संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत के तटस्थ रुख और रूस के खिलाफ यूरोपीय देशों की एकजुटता को देखते हुए यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि अपने इस त्वरित दौरे में भारत का पक्ष स्पष्ट करने के लिए ही प्रधानमंत्री का इतना टाइट शेड्यूल तय किया गया है।

PTI न्यूज एजेंसी ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इस 3 दिन के दौरे में तीनों देशों में 65 घंटे बिताएंगे। इस दौरान 8 वर्ल्ड लीडर्स के साथ होने वाली उनकी बैठकों में कुछ द्विपक्षीय होंगी तो कुछ में एक साथ कई नेता मौजूद रहेंगे। इन्हीं बैठकों के बीच में उनकी 50 ग्लोबल बिजनेस लीडर्स के साथ मुलाकात का भी समय निकाला गया है।

पीएम सबसे पहले 2 मई को जर्मनी पहुंचेंगे, जहां वे रात में ठहरेंगे। इसके बाद वे 3 मई को डेनमार्क जाकर रात में रुकेंगे। पीएम की वापसी 4 मई को होगी और इसी दौरान वह रास्ते में फ्रांस पहुंचेंगे, जहां पेरिस में उनकी मुलाकात फ्रांसीसी नेताओं व बिजनेस कम्युनिटी के साथ होगी।भले ही प्रधानमंत्री मोदी का इस त्वरित दौरे पर बेहद टाइट मीटिंग शेड्यूल है, लेकिन इसके बावजूद वे अपने हर विदेशी दौरे पर भारत वंशियों से मिलने की परंपरा को इस दौरे पर भी निभाएंगे। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस में रहने वाले हजारों भारतीयों के साथ भी मुलाकात करेंगे।

PM मोदी बर्लिन में जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-जर्मनी इंटर- गवर्नमेंटल कांसुलेशन्स (IGC) के छठे समारोह में भी हिस्सा लेंगे। IGC हर दो साल पर होने वाला बाइलैटरल डायलॉग फॉर्मेट है, इसमें दोनों देशों के मंत्री भी हिस्सा लेते हैं। चांसलर ओलाफ शोल्ज के साथ PM मोदी की यह पहली IGC मीट है। इस दौरान, प्रधानमंत्री और चांसलर शोल्ज एक जॉइंट बिजनेस इवेंट को भी संबोधित करेंगे।

डेनमार्क के दौरे पर PM मोदी वहां के PM मेटे फ्रेडरिक्सन के निमंत्रण पर जा रहे हैं। इस दौरान मोदी कोपेनहेगन में होने वाले दूसरे इंडिया-नॉर्डिक समिट और भारत-डेनमार्क बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे।

दूसरी इंडिया-नॉर्डिक समिट के दौरान पीएम मोदी की मुलाकात आइसलैंड की प्रधानमंत्री कैटरीन जैकब्सडॉटिर, नॉर्वे के PM जोनास गहर स्टोर, स्वीडन की PM मैग्डेलेना एंडरसन और फिनलैंड की PM सना मारिन से होगी।

इस समिट में कोरोना महामारी के बाद आर्थिक सुधार, जलवायु परिवर्तन, इनोवेशन- टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर बात होगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पहली इंडिया-नॉर्डिक समिट 2018 में स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *