केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सिलीगुड़ी के रेलवे स्पोर्ट्स मैदान में रैली के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। गृह मंत्री ने कहा कि हमने सोचा था कि ममता बनर्जी तीसरी बार जीती हैं तो शायद सुधर जाएंगी, लेकिन कुछ नहीं बदला। ममता दीदी को आपने 3 बार चुना, उसके बाद भी आप नहीं सुधर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ममता दीदी बंगाल की जनता पर अत्याचार, भ्रष्टाचार, कट मनी और सिंडिकेट का राज खत्म नहीं करेंगी, तब तक भाजपा अपनी लड़ाई चालू रखेगी।
शाह ने कहा कि चुनाव के बाद बंगाल में जो हिंसा हुई उसके बाद ह्यूमन राइट कमीशन ने भी माना कि बंगाल में कानून का राज नहीं है, बल्कि यहां जो सत्ता में है, उनकी इच्छा का राज है।अमित शाह ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर भी बंगाल सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने आगे कहा कि टीएमसी अफवाह फैलाती है कि सीएए (CAA) जमीन पर लागू नहीं होगा। कोरोना की लहर खत्म होने के बाद सीएए को लागू किया जाएगा। कान खोलकर के टीएमसी वाले सुन ले कि CAA वास्तविकता है, था और रहेगा। बंगाल से घुसपैठ खत्म करेंगे।अमित शाह ने कहा, ‘पीएम मोदी ने पिछले 2 साल से लोगों को मुफ्त अनाज दिया, लेकिन उसमें ममता दीदी अपनी फोटो लगा रही हैं। गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक 31 हजार करोड़ रुपए के खर्च से 545 किलोमीटर की सड़क का काम शुरू हो गया है। शाह ने कहा कि कोई एक पार्टी है जो गोरखा भाइयों पर ध्यान देती है तो वह है भाजपा। हमने कहा है कि सभी संवैधानिक मर्यादाओं में रहते हुए गोरखा भाइयों की समस्याओं का हल निकालेंगे।’