छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल काे आज बच्चों की जिद के आगे झुकना पड़ गया। उनका यह जुदा अंदाज सूरजपुर में देखने को मिला है। CM ने रघुनाथ नगर में आत्मानंद स्कूल पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की। इसी दौरान कक्षा दो की एक बच्ची ने जिद पकड़ ली कि उसे आज ही हेलिकॉप्टर की सैर करनी है। कक्षा के अन्य बच्चों ने भी उसके सुर में सुर मिलाया तो सीएम को उनकी बात माननी ही पड़ी।
उनकी जिद पूरी करते हुए मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश देकर बच्चों को हेलिकॉप्टर की सैर करवाई। इसके साथ ही प्ले ग्राउंड में प्रदेश के सियासी खेल के अहम खिलाड़ी का बचपन देखने को मिला। जहां मुख्यमंत्री ग्राउंड में गिल्ली-डंडा खेलने लगे।आत्मानंद स्कूल के बच्चे मुख्यमंत्री से मिलकर काफी उत्साहित हुए। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री को राजगीत ‘अरपा-पैरी के धार’ गाकर सुनाया। मुख्यमंत्री भी उनके साथ खड़े होकर ये गीत गुनगुनाते दिखे।रघुनाथ नगर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बच्चों के आग्रह पर उनके साथ पारंपरिक लोक खेलों में भी हाथ आजमाया। पिट्ठुल और कंचे भी खेले। बच्चों के साथ खेलते हुए CM ने कहा ये तो मुझे नहीं आता, फौरन कुछ बच्चियों ने कहा, लाइए हम सिखाते हैं, फिर उन्होंने बच्चियों के साथ खेलना शुरू किया।
कुछ देर बाद जब CM बघेल स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के क्लास रूम में पहुंचे तो कक्षा दूसरी में पढ़ने वाली बच्ची स्मृति ने पूछा मुख्यमंत्री जी मैं हेलिकॉप्टर में कब बैठूंगी? मुख्यमंत्री ने कहा कि तुम 12वीं में जब टॉप करोगी तो तुमको हेलिकॉप्टर में बिठा लेंगे, लेकिन स्मृति जिद पर अड़ गई कि मुझे आपके साथ आज ही हेलिकॉप्टर में बैठना है। इस पर बच्चे की जिद मुख्यमंत्री नहीं टाल सके और उन्होंने कहा कि तुमको आज ही हेलिकॉप्टर में बिठाएंगे। कुछ देर बाद CM ने अफसरों को निर्देश दिए कि बच्ची को हेलिकॉप्टर की सैर करवा दीजिए
