दिल्ली-राजस्थान समेत 4 राज्यों में कल लू का अलर्ट

दिल्ली-राजस्थान समेत 4 राज्यों में कल लू का अलर्ट

देश में पिछले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत भी मिली, लेकिन अब पारा बढ़ने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि कल यानी रविवार से दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान फिर 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इसके साथ ही उत्तर भारत के लोगों को फिर से लू का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि 8 मई से 10 मई तक हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना है। इसके साथ ही, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और दक्षिण पंजाब में भी 9 मई से 10 मई तक लू चलने की संभावना है।दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, 9 मई से 13 मई तक हीट वेव का अलर्ट है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में अगले तीन-चार दिन में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। यह बदलाव अफगानिस्तान और नेपाल के ऊपर बने दो अलग-अलग पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में अंडमान सागर के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने से होगा। इन दोनों से मध्य प्रदेश में नमी आ रही है। इससे भोपाल, सागर, उज्जैन, ग्वालियर में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।IMD के अनुसार, अगले एक हफ्ते में पंजाब के कई जिलों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार होने की संभावना है। इसके साथ ही कई लोगों को लू का भी सामना करना पड़ सकता है। वहीं, आज चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *