IPL के 55वें मैच में CSK ने DC को 91 रन से हरा दिया है। दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन मिचेल मार्श ने बनाए। उनके बल्ले से 20 गेंद में 25 रन निकले। दिल्ली का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। 209 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम 17.4 ओवर में 117 रन पर ऑल आउट हो गई।
CSK के लिए मोईन अली ने कमाल की गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर मोईन ने DC के मध्यक्रम की कमर तोड़ कर रख दी।
इस जीत के साथ CSK के 8 अंक हो गए हैं। वहीं, इस हार के बाद दिल्ली के सिर्फ 10 अंक हैं। अब उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आने वाले अपने तीन मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी और नेट रन रेट को भी बेहतर करना होगा।CSK को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने सारे मुकाबले जीतने होंगे। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स को अपने बाकी बचे तीन मैच में से कम से कम दो में हार का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा अगर राजस्थान अपने बाकी बचे तीनों मैच गंवा देती है, तो मामला बन सकता है। ऐसा होने से चेन्नई चमत्कारी रूप से प्लेऑफ में पहुंच सकती है।
दिल्ली के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को महेश थीक्षणा ने LBW आउट किया। 5वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया का ये बल्लेबाज रिवर्स स्वीप खेलना चाहता था, लेकिन गेंद बल्ले पर नहीं आई और महेश ने जोरदार अपील कर दी, अंपायर ने तुरंत वार्नर को आउट करार दे दिया। वार्नर ने रिव्यू की मांग कर ली।
रिप्ले में नजर आया कि गेंद पैड पर लगी थी और विकेटों के सामने थी। वार्नर इस फैसले से खुश नहीं थे। वो गुस्से से अपने बैट को पैड पर मारते हुए नजर आए। वहीं, सिमरजीत सिंह ने चेन्नई को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने केएस भरत को सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन भेज दिया।कॉन्वे और गायकवाड़ ने मैच में शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 67 गेंद में 110 रन जोड़ दिए। कॉन्वे ने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने RCB के खिलाफ 56 और हैदराबाद के खिलाफ मैच में 85 रन नाबाद बनाए थे। वहीं, ऋतुराज के बल्ले से 33 गेंद में 41 रन निकले।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
चेन्नई सुपर किंग्स
ऋतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायडू, महेंद्र सिंह धोनी, डेवॉन कॉन्वे, मोईन अली, शिवम दुबे, सिमरजीत सिंह, ड्वेन ब्रावो, महेश थीक्षणा, मुकेश चौधरी
दिल्ली कैपिटल्स
श्रीकर भरत,डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत ,रॉवमैन पॉवेल, अक्षर पटेल, रिपल पटेल, शार्दूल ठाकुर, कुलदीप यादव, एनरिक नोर्त्या, खलील अहमद