छत्तीसगढ़ में धरना-प्रदर्शन को लेकर जारी सरकारी आदेश के खिलाफ BJP का सोमवार को प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन जारी है। रायपुर में करीब दो घंटे से चल रहे प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित करीब 2000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। BJP का दावा है कि प्रदेश में 70 हजार कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी है।
रायपुर में पूर्व मंत्री बृज मोहन अग्रवाल काले गुब्बारे लेकर सेंट्रल जेल परिसर में बैठे रहे। वहीं जांजगीर में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे भाजपाइयों ने बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। रायगढ़ में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कवर्धा और दुर्ग में भी प्रदर्शन किया गया।इधर, रायपुर में गिरफ्तारी के बाद भी बीजेपी कार्यकर्ताओं को विरोध जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने जेल के बाहर पुतला जलाया। इसके चलते पुलिस ड्रोन कैमरे से प्रदर्शनकारियों की निगरानी करती रही। वहीं जिन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने जेल के अंदर ही हनुमान चालीसा का पाठ किया।BJP प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, प्रदेश भर में प्रदर्शन किया और संगठन के लोगों ने अपनी गिरफ्तारी दी है। छत्तीसगढ़ के गृह विभाग के द्वारा किसी भी प्रकार के धरना प्रदर्शन के पूर्व सरकार अनुमति सहित 19 बिंदुओं को अनिवार्य किया है जो गरीबों पर आर्थिक बोझ डाल रहे है जिसका भारतीय जनता पार्टी इसका पूरजोर से विरोध कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय जेल परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के 70 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश भर में अपनी गिरफ्तारी दी।
इससे पहले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता और नेता सड़क पर उतर आए। कालीबाड़ी से सीएम हाउस जाने के लिए मार्च शुरू हो गया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड लगाए। इसके बाद भी वह पुलिस को चकमा देकर नारेबाजी करते हुए घड़ी चौक तक पहुंच गए। पुलिस वहां उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हंगामा होने लगा। भाजपाई काला कानून वापस लो जैसे नारे लगाने लगे।भाजपा नेताओं के लिए ये जेलभरो अंदोलन चुनावी सक्रियता का बिगुल भी है। सभी बड़े नेता इस विरोध प्रदर्शन में पूरा जोर लगाते दिखाई दिए। बाकायदा बैठक लेकर सभी दिग्गजों को उनकी जिम्मेदारी दी गई थी।जेल भरो मार्च करने के लिए भाजपा नेता तेलीबांधा, कालीबाड़ी, आजाद चौक, फाफाडीह की सड़कों पर जमा हुए। प्रदर्शन के लिए अलग-अलग जिलों में तैयारियां की गई। रायपुर में सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित तमाम नेता सड़क पर उतरे।