देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,487 नए केस सामने आए हैं, जबकि 13 लोगों की मौत हुई है। इनमे से अकेले केरल में 8 मौतें हुईं हैं। देश में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 17,692 हो गई है। शनिवार को 1,913 नए केस मिले थे। फिलहाल भारत में रिकवरी रेट 98.74% है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, डेली पॉजिटिविटी रेट 0.59% और वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.66% हो गया है। पिछले 24 घंटे में 2,878 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं, जिसके बाद ठीक होने वालों की संख्या 4 करोड़ 25 लाख से ज्यादा पहुंच गई है, जबकि मरने वालों की संख्या 5 लाख 24 हजार से ज्यादा हो गई है।हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 613 नए केस सामने आए हैं और 784 लोग रिकवर हुए। इसके अलावा कोविड से 3 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में एक्टिव मामलों की संख्या 3,762 हो गई है और पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 4.97% हो चुकी है।
देशभर में कोरोना से 13 मौतें हुईं हैं, इनमे से सबसे ज्यादा केरल राज्य में 8 मौतें हुईं हैं। अभी तक कोरोना के कुल 64.46 लाख मामले आ चुके हैं। राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 3,393 है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 69,363 पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोविड से 445 लोग ठीक हुए हैं।
महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 255 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद कुल केस 78 लाख से ज्यादा हो गए हैं। राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,47,855 हो चुकी है। पॉजिटिविटी रेट प्रति 100 टेस्ट के हिसाब से 1.13% है। राज्य में कोरोना के 22,469 टेस्ट किए गए।
वहीं हरियाणा में 302 नए मामले मिले हैं, जबकि एक भी मौत नहीं हुई है। राज्य में कोरोना एक्टिव केस 1775 हैं और कुल मामले 99 लाख से ज्यादा हो गए हैं। राज्य में रविवार को 11,513 टेस्ट किए गए।कोरोना महामारी को आए हुए 2 साल से ज्यादा हो गए हैं। नार्थ कोरिया में महामारी आने के 2 साल बाद 13 मई को पहली बार कोरोना मरीज मिलने की पुष्टि हुई थी। यह संख्या बढ़कर अब 8 हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल नॉर्थ कोरिया में 392,920 लोगों को बुखार के लक्षण आ रहे हैं, जिस कारण उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है।