स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के प्रदेश दौरे का दूसरा चरण शनिवार से शुरू हो रहा है। इस चरण में सिंहदेव अंबिकापुर और रायगढ़ जिलों का दौरा करने वाले हैं। अंबिकापुर उनका विधानसभा क्षेत्र भी है। ऐसे में यहां गांवों में भी स्वास्थ्य मंत्री की चौपाल लगेगी। इस दौरे में वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग और वाणिज्यिक कर विभाग (GST) के कामकाज की भी समीक्षा करेंगे।
टीएस सिंहदेव शुक्रवार शाम को मुंबई से रायपुर वापस लौटे। यहां से उन्होंने देर रात रायपुर स्टेशन से अंबिकापुर के लिए ट्रेन पकड़ी। तय कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें सुबह 10 बजे ही अंबिकापुर ब्लॉक के सपना गांव पहुंचने वाले थे। अब बताया जा रहा है कि उनका पहले सपना जाने का कार्यक्रम टाल दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री सुबह 11.30 बजे से जिला मुख्यालय पर आयोजित राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना की राशि अंतरण समारोह में शामिल होंगे। यह आयोजन प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ हो रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करने वाले हैं। इस समारोह के बाद टीएस सिंहदेव दौरे पर रवाना होंगे। शनिवार को वे अंबिकापुर जिले के ही सिरकोतगा और निम्हा में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों भी भाग लेने पहुंचेंगे।स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव 22 मई को भी अंबिकापुर के गांवों में रहेंगे। सुबह 10.30 बजे वे मुड़गांव पहुंच जाएंगे। 12 बजे कुदरबसवार, 2.30 बजे ललाति और 3.45 बजे देवटिकरा जाने का कार्यक्रम है। यहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सिंहदेव रायगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे।स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव 22 मई की शाम 7 बजे तक रायगढ़ पहुंच जाएंगे। वहां कांग्रेस के जिला कार्यालय राजीव भवन में उनका ठिकाना होगा। इस दौरान वे क्षेत्रीय कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। उनसे रायगढ़ से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। रात में वे रायगढ़ के सर्किट हाउस में ठहरेंगे।