एशिया कप हॉकी:टीम इंडिया ने सुपर-4 मुकाबले में जापान को 2-1 से हराया

एशिया कप हॉकी:टीम इंडिया ने सुपर-4 मुकाबले में जापान को 2-1 से हराया

युवाओं से भरी टीम इंडिया ने शनिवार शाम एशिया कप हॉकी के सुपर-4 मुकाबले में जापान को 2-1 से हरा दिया। इसके साथ ही लीग मैच के दौरान मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया। लीग मैच में जापान ने भारत को 2-5 गोल से हराया था। भारत की तरफ से पहला गोल मनजीत सिंह ने किया। वहीं खेल के 34वें मिनट में पवन राजभर ने दूसरा गोल दागा।

जापान को भारत ने पहले क्वार्टर का खेल खत्म होने तक जापान पर 1-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ के 18वें मिनट में जापान को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे टीम ने गोल में बदल दिया। जापान के नेवा ने गोल करके स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दूसरे हाफ में कोई गोल भारत की तरफ से नहीं किया गया और हाफ टाइम तक दोनों का स्कोर एक-एक से बराबर रहा।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की और खेल के 34वें मिनट में पवन राजभर ने भारत के लिए दूसरा गोल दागकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इस दौरान जापान की टीम ने काफी कोशिश की, लेकिन भारत के मजबूत डिफेंस के सामने इस टीम की एक नहीं चली। तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म होने तक भारत ने जापान पर 2-1 की बढ़त बनाए रखी।

इसके बाद चौथे क्वार्टर में भी बीरेंद्र लाकड़ा की कप्तानी में भारतीय टीम का अच्छा प्रदर्शन जारी रहा। जापान के खिलाफ भारत ने लीग मैच में जो गलतियां की थी वो इस बार कम ही नजर आईं। चौथे क्वार्टर में भी भारत ने जापान को एक भी गोल नहीं करने दिया और खेल खत्म होने तक बढ़त को 2-1 बनाए रखते हुए जीत हासिल की।सुपर-4 में भारत के साथ जापान, दक्षिण कोरिया और मलेशिया ने जगह बनाई है। प्रतियोगिता के सुपर-4 राउंड में पहुंची चारों टीमें अब आपस में तीन-तीन मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद टॉप-2 टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।इसके पहले लीग के आखिरी मैच में भारत ने मेजबान इंडोनेशिया पर 16-0 की बड़ी जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में जोरदार वापसी की थी। एक समय शुरुआती दो मुकाबलों के बाद उसके लीग स्टेज से ही बाहर होने की नौबत आ गई थी, लेकिन भारत ने बड़ी जीत के साथ पाकिस्तान को पछाड़कर सुपर-4 में जगह बनाई। टीम पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह के मार्गदर्शन में खेल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *