ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार के सभी 20 मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष सूर्य नारायण पात्रा के इस्तीफे के बाद रविवार को नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण होगा। समारोह दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। नवीन पटनायक सरकार में यह पहला ऐसा मौका है, जब विधानसभा अध्यक्ष समेत पूरे मंत्रिमंडल का इस्तीफा हुआ है।
सत्तारुढ़ बीजू जनता दल (BJD) ने 29 मई को अपने इस कार्यकाल के तीन साल पूरे किए थे। इसके बाद से ही मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें शुरू हो गई थीं। अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल करना चाहते हैं। जिसके बाद यह फैसला लिया गया।माना जा रहा है कि पटनायक सरकार ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत बनाने के लिए ऐसा फैसला किया है। राज्य में 2024 में ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसलिए नवीन पटनायक एक नई रणनीति के तहत कैबिनेट में युवा और वरिष्ठ लोगों को जगह देना चाहते हैं।
राजनीति में सीएम नवीन पटनायक के 25 साल पूरे हो गए हैं। अस्का लोकसभा क्षेत्र से 1997 को पहली बार वो सांसद चुने गए थे। उनके पिता बीजू पटनायक ओडिशा के फेमस नेता थे। पिता के न रहने के बाद उन्होंने बीजू जनता दल का गठन किया था और उसके बाद से लंबे समय से वो राज्य के सीएम हैं।
नवीन पटनायक के नेतृत्व में 2000, 2004, 2009, 2014 और 2019 में लगातार 5 बार बीजू जनता दल ने ओडिशा में सरकार बनाया है।