यूक्रेन और रूस की जंग को 100 से ज्यादा दिन हो गए, लेकिन जंग अभी भी जारी है। यूक्रेन की राजधानी कीव ने शनिवार को दावा किया कि सेवेरोदोनेत्स्क में जंग के दौरान यूक्रेनी जवानों ने रूसी सैनिकों को पीछे धकेल दिया है। एक स्थानीय अधिकारी के मुताबिक रूसी सेना ने शहर के अधिकांश हिस्से पर कब्जा कर लिया था, कीव की सेना इसके एक छोटे से हिस्से को वापस लेने में कामयाब रही।
लुगांस्क के गवर्नर सेरही गदाई ने एक इंटरव्यू में कहा कि हमलावर बलों ने शहर के अधिकांश हिस्से पर कब्जा कर लिया था, लेकिन अब हमारी सेना ने उन्हें पीछे हटा दिया है। गदाई ने कहा कि रूसी सेना, जैसा कि हम समझते हैं, अपनी सारी शक्ति, अपने सभी भंडार इस दिशा लगा रहे हैं। उन्होंने यह इंटरव्यू सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसके सैनिकों ने ओडेसा के काला सागर बंदरगाह के पास यूक्रेन के एक मिलिट्री एयरक्राफ्ट व्हीकल को मार गिराया है। ये एयरक्राफ्ट काला सागर बंदरगाह के पास हथियारों को पहुंचाने का काम कर रहे थें। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक रूसी मिसाइलों ने यूक्रेन के सूमी इलाके में एक आर्टिलरी ट्रेनिंग सेंटर भी हमला किया।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में हमले के दौरान उसने कई अमेरिकी हथियारों को भी नष्ट कर दिया है। अमेरिका ने ये हथियार यूक्रेन की मदद के लिए दिए थे।
रूस हमले की वजह से अब तक तक लगभग 1.40 करोड़ यूक्रेनी नागरिकों को अपना घर छोड़ कर पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है। दूसरी तरफ 30 लाख से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई बीच में ही रुक गई है। यूक्रेनी का दावा है कि अब रूस के 31 से ज्यादा सैनिकों की मौत हो चुकी है। वहीं 1376 रूसी टैंक और 210 से ज्यादा प्लेन तबाह हो चुके हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने यूक्रेन के 20% क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। वहीं रूसी सेना ने अब तक यूक्रेन की 24 हजार किलोमीटर सड़कों और 300 पुलों को नष्ट कर दिया है।