दुनियाभर में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना केस 41% बढ़ गए, बीते दिन कोरोना के 5,233 नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र और केरल में दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 1,821 नए केस मिले हैं, जो फरवरी के बाद सबसे ज्यादा है।
दूसरी ओर दक्षिण अमेरिकी देश चिली के एक्सपर्ट्स ने कोरोना वायरस को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगले दो हफ्ते में चिली में कोरोना पीक पर होगा। यहां पिछले 14 दिनों में कोरोना मामले 58% बढ़ गए हैं। ऐसे में एक्सपर्ट्स कोरोना की 5वीं लहर की आशंका जता रहे हैं। इस सप्ताह चिली में कोरोना केस 9,000 से ऊपर पहुंच गए।महाराष्ट्र में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही राज्य में BA.5 वैरिएंट का एक और मरीज मिला है। जानकारी के मुताबिक पुणे में एक 31 साल की महिला BA.5 वैरिएंट से संक्रमित पाई गईं। पुणे में इस वैरिएंट का ये चौथा मामला है। महाराष्ट्र में 28 मई को BA.4 के चार और BA.5 के तीन मरीज सामने आए थे। इस तरह से राज्य में नए वैरिएंट के अब तक कुल 8 मरीज संक्रमित मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 5,237 नए केस दर्ज किए गए और 7 मरीजों की मौत हो गई। गनीमत यह है कि बीते दिन कोरोना का इलाज करवा रहे 3,345 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को कोरोना के 63 मरीज ज्यादा मिले। सोमवार को 3,651 संक्रमित मिले थे। इस तरह से संक्रमण के मामलों में सिर्फ 1% की बढ़ोतरी हुई। सोमवार को 2,497 मरीज कोरोना से ठीक हो गए, जबकि 7 की मौत हुई। देश में अभी एक्टिव मरीजों की संख्या 27,020 है।
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 450 नए मामले सामने आए हैं, 264 मरीज ठीक हुए और एक मरीज की मौत हो गई। यहां अभी 1,534 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में कुल पॉजिटिविटी रेट 4.94% है।
कोरोना के शुरुआती दिनों से अब तक यहां 1.9 लाख मरीज पॉजिटिव पाए गए, 1.8 लाख मरीज ठीक हुए, जबकि 26 हजार से ज्यादा संक्रमितों की मौत हो गई। 15 मई के बाद दिल्ली में कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ गई है।