आर्मी में 5 ग्रेड्स पर होगी अग्निवीरों की भर्ती:जुलाई से रजिस्ट्रेशन, 8वीं पास को भी मौका

आर्मी में 5 ग्रेड्स पर होगी अग्निवीरों की भर्ती:जुलाई से रजिस्ट्रेशन, 8वीं पास को भी मौका

वायुसेना के बाद आर्मी ने भी अग्निपथ स्कीम के तहत भर्ती के लिए सोमवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। अग्निवीरों की भर्ती के लिए जुलाई से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे। नोटिफिकशन के मुताबिक इसमें 8वीं और 10वीं पास युवा अप्लाई कर सकते हैं।

नोटिफिकेशन में योग्‍यता शर्तें, भर्ती प्रक्रिया, वेतन-भत्‍तों से लेकर सर्विस रूल्‍स तक का ब्‍योरा है। ऑनलाइन रजिस्‍ट्रेशन के लिए joinindianarmy.nic.in पर जाना होगा। अग्निपथ योजना के तहत चार साल के लिए भर्ती किया जाएगा।

सेना के नोटिफिकेशन जारी होने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ रिफॉर्म आपको अप्रिय लग सकते हैं, लेकिन ये देश के लिए लंबे समय तक फायदेमंद साबित होंगे।

नोटिफिकेशन के मुताबिक, भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन जुलाई से कराए जा सकेंगे। सेना ने साफ किया कि अग्निवीर सेना में एक अलग रैंक होगी। ये मौजूदा किसी रैंक के साथ नहीं होगी। 5 ग्रेड में भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया है। ये ग्रेड हैं- अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर ट्रेड्समैन(10वीं पास), अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास)।

सेना में भर्ती के लिए NCC A सर्टिफिकेट वाले कैंडिडेट को बोनस के रूप में 5 नंबर, NCC B सर्टिफिकेट वाले कैंडिडेट को 10 नंबर और NCC C सर्टिफिकेट वाले कैंडिडेट को 15 नंबर मिलेंगे। NCC C सर्टिफिकेट वाले कैंडिडेट को अग्निवीर जनरल ड्यूटी और क्‍लर्क/स्‍टोरकीपर पदों के लिए CEE (कॉमन एंट्रेंस एग्‍जाम) से छूट भी मिलेगी।

अग्निपथ स्कीम के खिलाफ युवाओं के गुस्से को ठंडा करने के लिए गृह और रक्षा मंत्रालय ने आरक्षण देने का ऐलान किया है। शनिवार सुबह गृह मंत्रालय ने अग्निवीरों के लिए CAPFs (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) और असम राइफल्स में भर्ती के लिए 10% आरक्षण देने का फैसला लिया। इन्हें आयु सीमा में भी 3 से 5 साल की राहत देने का ऐलान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *