नेशनल हेराल्ड केस में मंगलवार को ED की राहुल गांधी से पांचवें दिन भी पूछताछ जारी है। इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेटा डिसूजा की शर्मनाक हरकत का एक वीडियो सामने आया है। दरअसल, जब प्रदर्शनकारियों को पुलिस गिरफ्तार कर गाड़ियों में ले जा रही थी, इस दौरान बस के दरवाजे पर खड़ीं डिसूजा ने महिला पुलिसकर्मियों पर थूक दिया।
इससे पहले कांग्रेस नेता अलका लांबा का भी एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो फूट-फूट कर रो रही हैं। गिरफ्तारी के दौरान अलका लांबा की एक महिला पुलिसकर्मी के साथ झड़प हो गई और वो रोती दिखीं। इधर, राहुल गांधी ने ED से पूछताछ के दौरान कहा कि आखिर आपलोगों के कितने सवाल हैं जाे खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे।राहुल गांधी ने ED ऑफिस जाने से पहले प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- आपके समय के साथ सुधार वाले फायदों के परिणाम देश की जनता हर दिन भुगत रही है। नोटबंदी, गलत GST, CAA, रिकॉर्ड महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी, काले कृषि कानून और अब अग्निपथ से प्रहार। भाजपा का ‘अच्छा’ मतलब, देश के लिए घातक।कांग्रेस नेताओं को उम्मीद थी कि सोमवार को पूछताछ खत्म हो जाएगी, लेकिन मंगलवार को फिर राहुल को समन करने के बाद पार्टी नेताओं ने फिर से प्रदर्शन की तैयारी कर ली है। पार्टी ने मंगलवार को अपने सभी सांसद-विधायकों को दिल्ली बुलाया है।
कांग्रेस के कार्यालय पर पार्टी नेताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। यहां दिल्ली के स्थानीय और राष्ट्रीय नेता मौजूद हैं। प्रदर्शन के दौरान राहुल के खिलाफ ED की जांच को केंद्र सरकार की दबाव की राजनीति बताया गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- भाजपा की तानाशाही और बदले की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। हम डरेंगे नहीं, डटकर लड़ेंगे। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा- ED के ऐसे कौन से प्रश्न हैं, जिनका पहाड़ 5 दिन या 50 घंटों में खत्म नहीं होता? यह जांच संवैधानिक या कानूनी नहीं है। निजी प्रतिशोध है।इससे पहले सोमवार को राहुल से करीब 12 घंटे पूछताछ की गई। वह देर रात करीब 12 बजे ED ऑफिस से बाहर निकले थे। राहुल से ED की टीम पिछले हफ्ते सोमवार से बुधवार तक लगातार 3 दिन में 30 घंटे और सोमवार को 12 घंटे पूछताछ कर चुकी है। यानी 4 दिनों में राहुल से करीब 42 घंटे पूछताछ की जा चुकी है। इसी मामले में ED कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से 23 जून को सवाल करेगी।