मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अविभाजित बिलासपुर जिले के पेंड्रा से निकलने वाली अरपा नदी के उदगम स्थल में कुंड बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आसपास की निजी भूमि का अधिग्रहण भी किया जाएगा। साथ ही अरपा के साथ ही अन्य सहायक नदियों को संवारने के लिए योजना बनाई जाएगी। दरअसल, अरपा बचाओ अभियान समिति की मांग पर मुख्यमंत्री ने पेंड्रा-गौरेला-मरवाही के कलेक्टर को अरपा व सहायक नदियों के संवर्धन और संरक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
अरपा बचाओ अभियान समिति की ओर से अरपा नदी के उदगम स्थल को संवारने के साथ ही अरपा को पुनर्जीवित करने के लिए उसके सहायक नदी-नालों को संरक्षित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में समिति ने शासन-प्रशासन को समय-समय पर पत्र लिखकर मांग भी की थी। समिति ने इसके लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंपा था, जिसमें अरपा नदी के उदगम स्थल पेंड्रा के अमरपुर को चिन्हित कर उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए पहल करने की मांग की थी।समिति के संयोजक डॉ. सोमनाथ यादव ने बताया कि उनकी मांग पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने व्यक्तिगत रूचि दिखाते हुए हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर को पत्र लिखा है। इसमें समिति की मांग पत्र का भी जिक्र किया है। उन्होंने आदेशित किया है कि अरपा नदी के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में योजना बनाई जाए। इसके साथ ही उदगम स्थल अमरपुर में कुंड का निर्माण किया जाए। इसके लिए उन्होंने जमीन अधिग्रहित करने के आदेश भी दिए हैं।