मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली से लौटने के बाद फिर से विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर निकल गए हैं। शनिवार को उनका हेलिकॉप्टर रायपुर से जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के लिए उड़ा। मुख्यमंत्री ने यहां के तीन गांवों में सरकारी योजनाओं की स्थिति देखी। लोगों से मुलाकात कर उनकी मांग और समस्याएं सुनी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फरसाबहार (पमशाला) में ईब नदी के तट पर स्थापित राधाकृष्ण मंदिर जाकर पूजा-अर्चना किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में आम का पौधा भी लगाया। स्थानीय लोगों ने बताया, यह मंदिर कंवर समाज की ओर से बनवाया गया है। यहां पर मकर संक्रांति के दिन कंवर समाज का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर सामूहिक विवाह तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के विवाह भी संपन्न कराए जाते हैं। बाद में मुख्यमंत्री ने ईब नदी के तट पर बनाए गए पांडाल में आसपास के गांवों से आए लोगों से बातचीत की।मुख्यमंत्री पमशाला में लोगों से भेंट-मुलाकात करने के बाद पतराटोली गए। वहां भी उन्होंने आम जनता से भेंट-मुलाकात की। मुख्यमंत्री के दौरे का तीसरा पड़ाव कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र का ही सलियाटोली गांव रहा। शाम को यहां भी उनकी चौपाल लगी। यहां आम लोगों से भेंट-मुलाकात के बाद कुनकुरी पहुंचेंगे। कुनकुरी में भी देर रात तक विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री कुनकुरी में ही रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री रविवार सुबह अधिकारियों की बैठक लेकर कामकाज की समीक्षा करेंगे। उसके बाद स्थानीय पत्रकारों के साथ चर्चा भी होगी।
फरसाबहार में मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं की हैं
- ग्राम कोल्हेजहारिया में प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास तथा पुलिस चौकी की स्थापना होगी।
- तपकरा में नायब तहसीलदार कोर्ट बनेगा।
- फरसाबहार के हाथी प्रभावित क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट लगाया जाएगा।
- तपकरा में स्वामी आत्मानंद स्कूल खुलेगा।
- फरसाबहार में सहकारी बैंक की शाखा शुरू होगी।
- पमशाला के हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी में उन्नयन होगा।
- फरसाबहार में 67 स्थानों पर देवगुड़ी के सौंदर्यीकरण के लिए दो करोड़ की स्वीकृति।
- फरसाबहार स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए जल्द ही बस की सुविधा मिलेगी।